₹10 हजार सैलरी नहीं दी तो, 24 करोड़ का मॉल जलाकर कर दिया राख,आरोपी गिरफ्तार

Sep 23, 2026 - 11:03
Sep 23, 2026 - 11:04
 0  2
₹10 हजार सैलरी नहीं दी तो, 24 करोड़ का मॉल जलाकर कर दिया राख,आरोपी गिरफ्तार

10 हजार सैलरी नहीं दी तो, 24 करोड़ का मॉल जलाकर कर दिया राख,आरोपी गिरफ्तार

सूरत (गुजरात)। गुजरात के सूरत शहर में महज ₹10 हजार की बकाया सैलरी को लेकर हुए विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। एक नाराज अकाउंटेंट ने टेक्सटाइल मार्केट में आग लगा दी, जिससे 17 दुकानों में रखा करोड़ों का सामान जलकर खाक हो गया। व्यापारियों के अनुसार इस आगजनी में करीब ₹24 करोड़ का नुकसान हुआ है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक यह घटना 9 सितंबर को सरोली स्थित श्याम संगिनी टेक्सटाइल मार्केट में हुई। अचानक लगी आग ने देखते ही देखते कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया और भारी नुकसान हुआ।

CCTV और जांच से खुला मामला

एडिशनल कमिश्नर (क्राइम) डॉ. करणराज वाघेला ने बताया कि 1500 से ज्यादा CCTV फुटेज और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी की पहचान की गई। जांच में सामने आया कि महाराष्ट्र के धुले निवासी विनोद सावले (33), जो एक दुकान में अकाउंटेंट था, ने ही आगजनी की वारदात को अंजाम दिया।

सैलरी विवाद और अपमान बना वजह

पुलिस के अनुसार आरोपी को हर महीने ₹30,000 वेतन मिलता था, लेकिन नौकरी छोड़ते समय उसके ₹10,000 बकाया रह गए थे। इसी बात को लेकर उसका दुकान मालिक हनुमान प्रसाद ज़ावर से विवाद हुआ था। आरोपी खुद को अपमानित महसूस कर रहा था और बदला लेने की नीयत से उसने घटना को अंजाम दिया।

पेट्रोल डालकर लगाई आग

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने 8 सितंबर को पेट्रोल खरीदा और प्लास्टिक की थैली में लेकर आया। इसके बाद उसने दुकान के बाहर रखे कपड़ों पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग तेजी से फैलकर 601 से 617 नंबर तक की 17 दुकानों में पहुंच गई, जिससे चार व्यापारियों—हनुमानप्रसाद ज़ावर, अभिषेक सोनी, अनुराग जालान और हरिप्रसाद ज़ावर—का भारी नुकसान हुआ।

फरार होकर कई राज्यों में भटका आरोपी

वारदात के बाद आरोपी मोबाइल बंद कर फरार हो गया। वह पहले राजस्थान के खाटूश्याम मंदिर और फिर अयोध्या गया। करीब 12 दिन तक अलग-अलग जगहों पर भटकने के बाद पैसे खत्म होने पर सूरत लौटा, जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

CCTV फुटेज में आरोपी मुंह पर कपड़ा बांधकर बैग के साथ मार्केट में पहुंचता दिखा। उसने बैग से पेट्रोल निकालकर कपड़ों पर डाला और आग लगा दी, जिसके बाद कुछ ही देर में पूरी मार्केट आग की चपेट में आ गई।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow