Sidhi News: रिश्वत के वायरल वीडियो के बाद लिपिक सुशील सिंह निलंबित, VIDEO
सीधी लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में संविदाकार से कथित रिश्वत लेने का वीडियो वायरल होने के बाद सहायक ग्रेड-2 सुशील कुमार सिंह निलंबित। मुख्य अभियंता जबलपुर ने जारी किया आदेश।
Sidhi News: रिश्वत के वायरल वीडियो के बाद लिपिक सुशील सिंह निलंबित,VIDEO
सीधी। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में संविदाकार से भुगतान के एवज में कथित रूप से रिश्वत लेने के वायरल वीडियो के मामले में आखिरकार विभाग ने कार्रवाई की है। सीधी कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 (वरिष्ठ लेखा लिपिक) सुशील कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मुख्य अभियंता, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जबलपुर परिक्षेत्र द्वारा 20 नवंबर 2026 को जारी आदेश में निलंबन की कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय अधीक्षण यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंडल रीवा निर्धारित किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार कार्यपालन यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खंड सीधी ने अपने पत्र क्रमांक 2848/स्था., दिनांक 12 नवंबर 2026 के माध्यम से मुख्य अभियंता कार्यालय को अवगत कराया था कि खंड कार्यालय में पदस्थ सुशील कुमार सिंह का संविदाकार से रिश्वत लेने संबंधी वीडियो क्लिप 31 अक्टूबर 2026 को वायरल हो रहा है। इस मामले में कार्यपालन यंत्री द्वारा संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने का प्रस्ताव भी भेजा गया था।प्रस्ताव के आधार पर मुख्य अभियंता ने मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के प्रावधानों के उल्लंघन एवं कदाचरण के मामले में मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 (1) के उपनियम (क) के तहत सुशील कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया है।
पहले रीवा किया गया था स्थानांतरण
गौरतलब है कि रिश्वत के कथित वायरल वीडियो का मामला सामने आने के बाद लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में काफी चर्चा रही थी। वीडियो में संविदाकार से लेन-देन होने का दावा किया गया था। इसके बाद प्रमुख अभियंता कार्यालय भोपाल से 18 नवंबर 2026 को जारी आदेश के माध्यम से सुशील कुमार सिंह को सीधी से हटाकर आगामी आदेश तक अधीक्षण यंत्री कार्यालय, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंडल रीवा में कार्य करने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि उस समय जारी आदेश में स्थानांतरण एवं नई पदस्थापना की व्यवस्था की गई थी, लेकिन अब जबलपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता द्वारा जारी नए आदेश में उन्हें निलंबित कर दिया गया है।
निलंबन अवधि में मिलेगा जीवन निर्वाह भत्ता
निलंबन आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सुशील कुमार सिंह को निलंबन अवधि के दौरान नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। वहीं उनका मुख्यालय अधीक्षण यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंडल रीवा निर्धारित किया गया है। आदेश की प्रतिलिपि प्रमुख अभियंता, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग भोपाल, अधीक्षण यंत्री रीवा और कार्यपालन यंत्री सीधी सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
