Bhopal News: डिजिटल राशन वितरण का पायलट प्रोजेक्ट शुरू, दिसंबर का राशन लेने से पहले कराना होगा यह जरूरी काम
Bhopal News: डिजिटल राशन वितरण का पायलट प्रोजेक्ट शुरू, दिसंबर का राशन लेने से पहले कराना होगा यह जरूरी काम
भोपाल। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को अधिक पारदर्शी और डिजिटल बनाने की दिशा में भोपाल जिले में नई पहल की जा रही है। जिले का चयन केंद्रीय बैंक डिजिटल मुद्रा (CBDC) आधारित राशन वितरण की पायलट परियोजना के लिए किया गया है। इस नई व्यवस्था के तहत राशन प्राप्त करने वाले पात्र परिवारों के सभी सदस्यों का सत्यापन कर उन्हें CBDC प्रणाली की सूची में शामिल करना अनिवार्य होगा।
इस प्रक्रिया को व्हाइटलिस्टिंग कहा जाता है। इसके लिए राशन हितग्राहियों को अपनी संबंधित उचित मूल्य राशन दुकान पर पहुंचकर परिवार के प्रत्येक सदस्य की जानकारी दर्ज करानी होगी और उसका सत्यापन कराना होगा।
आधार और समग्र में एक ही मोबाइल नंबर होना जरूरी
जिला आपूर्ति नियंत्रक के अनुसार, परिवार के प्रत्येक सदस्य के आधार कार्ड से जुड़ा मोबाइल नंबर और समग्र पोर्टल पर दर्ज मोबाइल नंबर एक समान होना आवश्यक है। यदि दोनों जगह अलग-अलग मोबाइल नंबर दर्ज हैं तो हितग्राहियों को पहले उनमें आवश्यक संशोधन कराना होगा। इसके बाद उचित मूल्य दुकान पर जाकर सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करानी होगी।हितग्राहियों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि परिवार के सभी पात्र सदस्य CBDC प्रणाली की व्हाइटलिस्ट में शामिल हो गए हैं।
दिसंबर के राशन वितरण से पहले पूरी करें प्रक्रिया
जिला आपूर्ति नियंत्रक ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी हितग्राही के परिवार के सदस्यों का सत्यापन अधूरा रहता है तो दिसंबर माह में नई डिजिटल व्यवस्था के तहत राशन प्राप्त करने में तकनीकी कठिनाई आ सकती है। इसी को देखते हुए जिले के सभी राशन हितग्राहियों से अपील की गई है कि वे अंतिम समय का इंतजार न करें और जल्द से जल्द अपनी नियमित राशन दुकान पर पहुंचकर परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी का सत्यापन कराएं, ताकि दिसंबर माह में राशन प्राप्त करने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
