मड़वास: पेड़ काटने के विवाद में खूनी संघर्ष, कुल्हाड़ी से हमला कर दिया हमला, पिता-पुत्र गिरफ्तार VIDEO

सीधी जिले के मड़वास थाना क्षेत्र में पेड़ काटने के विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। चचेरे भाई की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया।

Nov 20, 2026 - 14:19
 0  561

पेड़ काटने के विवाद में खूनी संघर्ष: कुल्हाड़ी से हमला कर चचेरे भाई की हत्या, पिता-पुत्र गिरफ्तार

खेत की मेड़ पर लगे पलाश के पेड़ को काटने को लेकर हुआ विवाद, बेटों के सामने पिता पर टांगी से किया हमला; घटना में एक आरोपी भी घायल

रवि शुक्ला, सीधी। सीधी जिले के मड़वास थाना अंतर्गत पुलिस चौकी पथरौला क्षेत्र के धानिगवां पश्चिम टोला में शुक्रवार सुबह पेड़ काटने के विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। खेत की मेड़ पर लगे पलाश के पेड़ को काटने को लेकर हुए विवाद में रिश्ते के चचेरे भाई ने 50 वर्षीय सीताप्रसाद गुप्ता पर धारदार हथियार टांगी से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल सीताप्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक सीताप्रसाद गुप्ता शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे अपने खेत में पानी लगा रहे थे। इसी दौरान रिश्ते के चचेरे भाई रामनिवास गुप्ता उर्फ शीला का बेटा जयप्रकाश गुप्ता खेत की मेड़ पर लगे पलाश के पेड़ को काट रहा था। पेड़ काटने को लेकर सीताप्रसाद ने आपत्ति जताई और पूछा कि पेड़ क्यों काटा जा रहा है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

विवाद बढ़ने पर पिता-पुत्र ने किया हमला

मृतक के पुत्र राजेश गुप्ता के मुताबिक, पेड़ काटने को लेकर पूछताछ करने पर आरोपियों ने विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान पिता-पुत्र ने धमकी देते हुए कहा कि वे उन्हें भी काट डालेंगे। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि दोनों आरोपियों ने बेटों के सामने ही सीताप्रसाद पर धारदार हथियार टांगी से हमला कर दिया। सीने के पास और कान के समीप गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पिता-पुत्र आरोपी गिरफ्तार, एक के सिर में चोट

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों रामनिवास गुप्ता उर्फ शीला गुप्ता (50 वर्ष) और उसके बेटे जयप्रकाश गुप्ता (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया है कि घटना के दौरान मारपीट में आरोपी रामनिवास गुप्ता के सिर में भी चोट आई है। उसका उपचार कराने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर विवेचना शुरू कर दी है।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(बी), 115(2), 103(1) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मामूली से दिखने वाले पेड़ के विवाद में रिश्तों का इस तरह खूनी संघर्ष में बदल जाना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Ravi Shukla रवि शुक्ला एक अनुभवी ग्राउंड रिपोर्टर हैं, दैनिक अखबारों और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है.रवि शुक्ला की मुख्य विशेषज्ञता हाइपर लोकल क्राइम, क्षेत्रीय राजनीति, प्रशासनिक,शिक्षा, फैसलों और ग्रामीण विषयों (खेती-किसानी) की ग्राउंड जीरो से तथ्यपरक रिपोर्टिंग करने में अच्छा अनुभव है।