मझौली : नारो विद्यालय में दो साल से पेयजल संकट,पत्राचार के बाद भी जिम्मेदार विभाग मौन

सीधी जिले के मझौली विकासखंड के नारो विद्यालय में दो वर्षों से हैंडपंप खराब है। प्रधानाध्यापक के कई पत्राचार के बाद भी मरम्मत नहीं हुई।

Nov 15, 2026 - 14:03
 0  48

मझौली : नारो विद्यालय में दो साल से पेयजल संकट,पत्राचार के बाद भी जिम्मेदार विभाग मौन

रवि शुक्ला,मझौली। सरकारी स्कूलों में बच्चों को बेहतर शिक्षा और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावों के बीच सीधी जिले के मझौली विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक विद्यालय नारो की बदहाल व्यवस्था सामने आई है। विद्यालय परिसर में लगा हैंडपंप पिछले दो वर्षों से खराब पड़ा है। हालात यह हैं कि विद्यार्थियों को पीने के पानी के लिए दूसरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है, वहीं मध्यान्ह भोजन तैयार करने के लिए रसोइया को आसपास के घरों के कुएं से पानी लाना पड़ता है।

पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा के अभाव से जूझ रहे इस विद्यालय की समस्या से संबंधित विभाग अनजान नहीं है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक गंभीर सिंह के मुताबिक, हैंडपंप सुधारने और पेयजल व्यवस्था बहाल करने के लिए संबंधित विभाग सहित अपने विभाग को भी कई बार पत्राचार किया जा चुका है। हर बार जल्द व्यवस्था कराने का आश्वासन तो मिला, लेकिन धरातल पर अब तक कोई समाधान नहीं हुआ।

दूसरे के घरों से लाना पड़ता है पानी 

विद्यालय में हैंडपंप खराब होने से विद्यालय के शिक्षक दूसरे के घरों से पानी लाकर बच्चों के पानी की व्यवस्था की जाती थी। हालांकि अब वर्तमान में विद्यालय में चपरासी की नियुक्ति हो गई उनके द्वारा पानी लाया जाता है, इससे विद्यालय में पेयजल की समस्या की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। बच्चों को विद्यालय परिसर में ही पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था नहीं होने से रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। विद्यालय में पेयजल संकट का असर मध्यान्ह भोजन व्यवस्था पर भी पड़ रहा है। रसोइया के अनुसार, भोजन बनाने के लिए आसपास के घरों में स्थित कुएं से पानी भरकर लाना पड़ता है। इसके बाद ही बच्चों के लिए भोजन बनाया जाता है। विद्यालय में पानी की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं होने के कारण रसोई संचालन में भी कठिनाइयां आती हैं।

दो साल से आश्वासन, जिम्मेदारों की कार्रवाई का इंतजार

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब विद्यालय प्रबंधन लगातार पत्राचार कर रहा है और समस्या की जानकारी विभाग को है, तो फिर दो वर्षों से हैंडपंप की मरम्मत क्यों नहीं कराई गई? क्या जिम्मेदार अधिकारियों को विद्यालय के बच्चों की पेयजल समस्या दिखाई नहीं दे रही है? सरकारी विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन नारो विद्यालय की स्थिति व्यवस्था के दावों की पोल खोल रही है। अब आवश्यकता इस बात की है कि संबंधित विभाग तत्काल विद्यालय का निरीक्षण कर खराब हैंडपंप की मरम्मत कराए अथवा पेयजल की वैकल्पिक स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करे, ताकि बच्चों और विद्यालय के कर्मचारियों को पानी के लिए दूसरों पर निर्भर न रहना पड़े।

 प्रधानाध्यापक गंभीर सिंह ने बताया कि हैंडपंप दो वर्षों से खराब है। पानी की व्यवस्था के लिए संबंधित विभाग और अपने विभाग को कई बार पत्राचार किया गया है। आश्वासन मिला है कि जल्द पानी की व्यवस्था होगी। पहले हम लोग आसपास के घरों से पानी लाते थे, अब चपरासी पानी लेकर आते हैं।

विद्यालय की रसोइया ने बताया कि हैंडपंप वर्षों से खराब पड़ा है। बच्चों का भोजन बनाने के लिए आसपास के घरों के कुएं से पानी भरकर लाना पड़ता है। विद्यालय में पानी की समस्या बनी हुई है।

Ravi Shukla रवि शुक्ला एक अनुभवी ग्राउंड रिपोर्टर हैं, दैनिक अखबारों और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है.रवि शुक्ला की मुख्य विशेषज्ञता हाइपर लोकल क्राइम, क्षेत्रीय राजनीति, प्रशासनिक,शिक्षा, फैसलों और ग्रामीण विषयों (खेती-किसानी) की ग्राउंड जीरो से तथ्यपरक रिपोर्टिंग करने में अच्छा अनुभव है।