पथरौला - सहिजनहाँ के मां काली मंदिर में भव्य देवी जागरण संपन्न, कोतमा के कलाकारों की मनमोहक झांकियों ने मोहा श्रद्धालुओं का मन
पथरौला - सहिजनहाँ के मां काली मंदिर में भव्य देवी जागरण संपन्न, कोतमा के कलाकारों की मनमोहक झांकियों ने मोहा श्रद्धालुओं का मन
20 वर्षों से चली आ रही धार्मिक परंपरा के तहत हुआ आयोजन, भगवान शिव, मां दुर्गा, मां काली और राधा-कृष्ण की सजीव झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र
मझौली। तहसील मड़वास अंतर्गत ग्राम पथरौला-सहिजनहाँ स्थित ऐतिहासिक श्री मां काली मंदिर परिसर में दीपावली एवं काली पूजन के पावन अवसर पर 11 नवंबर 2026 को भव्य देवी जागरण का आयोजन किया गया। मां काली जनसेवा समिति पथरौला सहिजनहा द्वारा विगत 20 वर्षों से लगातार चली आ रही इस धार्मिक परंपरा के तहत आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर मां काली के दर्शन किए और भक्ति गीतों का आनंद लिया। कार्यक्रम का संपूर्ण संचालन एवं प्रबंधन मंदिर की आधिकारिक प्रबंधक संस्था श्री मां काली जनसेवा समिति पथरौला-सहिजनहाँ द्वारा किया गया। समिति की ओर से आयोजन की रूपरेखा तैयार करने से लेकर व्यवस्थाओं तक की जिम्मेदारी निभाई गई। मां काली की आराधना और श्री हनुमान जी की कृपा के बीच पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। देवी जागरण में कोतमा से आए सुप्रसिद्ध कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीतों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। वहीं कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भगवान शिव, मां दुर्गा, मां काली एवं राधा-कृष्ण की सजीव और मनमोहक झांकियां कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं। झांकियों की आकर्षक प्रस्तुति ने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। देर तक चले इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालु भक्ति के रंग में रंगे नजर आए।
ग्रामवासियों और सेवा दल का रहा सराहनीय योगदान
इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में ग्राम पथरौला एवं सहिजनहाँ के समस्त ग्रामवासियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समिति के सेवा दल के सदस्यों ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर मुनिमहेश मिश्रा, रविदीपक त्रिपाठी, अखिलेश त्रिपाठी, चंद्रमणि विश्वकर्मा, हरिहर विश्वकर्मा, राजमणि केवट, बाल्मीक केवट, प्रवेश गुप्ता, राममणि गुप्ता, प्यारे लाल बैगा, द्वारिका सोनी, अंबिकेश मिश्र, संपत कोरी, गंभीर सिंह, डॉ. राजकिशोर कोल, विष्णु केवट, नीतीश त्रिपाठी, कुंवर रोहित मिश्रा, संतोष विश्वकर्मा, रामपाल केवट, राकेश गुप्ता एवं हरीश द्विवेदी सहित अन्य सहयोगियों ने आयोजन में योगदान दिया। समिति के सदस्यों ने सफल आयोजन में सहयोग देने वाले समस्त ग्रामवासियों, क्षेत्रवासियों एवं दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही मां काली के प्रति श्रद्धा और वर्षों से चली आ रही इस धार्मिक परंपरा को आगे भी निरंतर बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया।