CBSE Board Exam 2027: 10वीं-12वीं के इंटरनल मार्क्स का नया फॉर्मेट जारी, जानें पूरा पैटर्न
CBSE Board Exam 2027: सीबीएसई ने 10वीं-12वीं के लिए विषयवार मार्किंग फॉर्मेट जारी किया। जानें थ्योरी, प्रैक्टिकल, प्रोजेक्ट और इंटरनल असेसमेंट के अंक और जरूरी तारीखें।
CBSE Board Exam 2027: 10वीं-12वीं के इंटरनल मार्क्स का नया फॉर्मेट जारी, जानें पूरा पैटर्न
नई दिल्ली।CBSE Board Exam 2027: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर विषयवार अंक वितरण का विस्तृत प्रारूप जारी किया है। बोर्ड की ओर से 5 नवंबर 2026 को जारी सर्कुलर में थ्योरी परीक्षा, प्रैक्टिकल, प्रोजेक्ट और इंटरनल असेसमेंट के अंकों का निर्धारण स्पष्ट किया गया है। इसका उद्देश्य स्कूलों द्वारा विद्यार्थियों के आंतरिक मूल्यांकन और प्रैक्टिकल के अंक अपलोड करते समय होने वाली गलतियों को रोकना है।
बोर्ड के अनुसार, कई बार स्कूलों की ओर से प्रैक्टिकल, प्रोजेक्ट और इंटरनल असेसमेंट के अंक दर्ज करने में त्रुटियां हो जाती हैं। इससे विद्यार्थियों के परीक्षा रिकॉर्ड में विसंगतियां उत्पन्न होने की आशंका रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए सीबीएसई ने सभी विषयों के लिए निर्धारित अंक वितरण का प्रारूप जारी कर स्कूलों को उसका पालन करने के निर्देश दिए हैं।
दो चरणों में होगा प्रैक्टिकल और इंटरनल असेसमेंट
सीबीएसई ने कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए प्रैक्टिकल परीक्षाओं और इंटरनल असेसमेंट का कार्यक्रम दो चरणों में निर्धारित किया है। विंटर-बाउंड स्कूलों में यह प्रक्रिया 11 नवंबर से 19 दिसंबर 2026 तक पूरी की जाएगी। वहीं, सामान्य स्कूलों के लिए प्रैक्टिकल और इंटरनल असेसमेंट की अवधि 1 जनवरी से 13 फरवरी 2027 तक निर्धारित की गई है। बोर्ड ने स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि मूल्यांकन कार्य समय पर और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संपन्न हो सके।
10वीं में प्रमुख विषयों के लिए 80:20 का फॉर्मूला
कक्षा 10वीं के हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान जैसे प्रमुख विषयों में कुल 100 अंकों में से 80 अंक लिखित परीक्षा और 20 अंक इंटरनल असेसमेंट के लिए निर्धारित किए गए हैं। हालांकि, कुछ व्यावसायिक और प्रायोगिक विषयों में अंक वितरण अलग रखा गया है। होम साइंस में 70 अंक थ्योरी और 30 अंक प्रैक्टिकल के होंगे। कंप्यूटर एप्लीकेशन में थ्योरी और प्रैक्टिकल दोनों के लिए 50-50 अंक निर्धारित हैं। पेंटिंग विषय में 30 अंक थ्योरी, 50 अंक प्रैक्टिकल और 20 अंक इंटरनल असेसमेंट के होंगे। वहीं, एलिमेंट्स ऑफ बिजनेस में 70 अंक लिखित परीक्षा और 30 अंक प्रोजेक्ट असेसमेंट के लिए निर्धारित किए गए हैं।
12वीं में विज्ञान विषयों के लिए 70 अंक थ्योरी, 30 अंक प्रैक्टिकल
कक्षा 12वीं में भी विषय के अनुसार मूल्यांकन का प्रारूप निर्धारित किया गया है। अंग्रेजी कोर, हिंदी कोर और कई भाषा विषयों में 80 अंक थ्योरी तथा 20 अंक इंटरनल असेसमेंट के लिए रखे गए हैं। फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी जैसे विज्ञान विषयों में 70 अंक लिखित परीक्षा और 30 अंक प्रैक्टिकल के होंगे। भूगोल और मनोविज्ञान में भी इसी तरह 70:30 का अंक वितरण लागू होगा। इतिहास और राजनीति विज्ञान में 80 अंक थ्योरी तथा 20 अंक प्रोजेक्ट के लिए निर्धारित किए गए हैं। बिजनेस स्टडीज और अकाउंटेंसी में भी 80:20 का मूल्यांकन पैटर्न रहेगा। वहीं, कंप्यूटर साइंस और इन्फॉर्मेटिक्स प्रैक्टिसेज में 70 अंक थ्योरी और 30 अंक प्रैक्टिकल के होंगे।
स्कूलों को अंक अपलोड करने से पहले जांचना होगा फॉर्मेट
सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक विषय के अधिकतम अंक 100 ही रहेंगे। स्कूलों को निर्देशित किया गया है कि प्रैक्टिकल, प्रोजेक्ट और इंटरनल असेसमेंट की प्रक्रिया शुरू करने से पहले संबंधित विषय का निर्धारित अंक वितरण अवश्य जांच लें। बोर्ड का यह कदम मूल्यांकन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे विद्यार्थियों के अंकों का सही रिकॉर्ड तैयार करने और बोर्ड परीक्षा 2027 के परिणामों में तकनीकी त्रुटियों की आशंका कम करने में मदद मिलेगी।
