जनविश्वास शिविर कार्यक्रम : कमिश्नर ने पोड़ी में सुनीं समस्याएं, लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई के दिए निर्देश,VIDEO
जनविश्वास शिविर कार्यक्रम : कमिश्नर ने पोड़ी में सुनीं समस्याएं, लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई के दिए निर्देश,VIDEO
रवि शुक्ला,कुसमी। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत विकासखंड कुसमी की ग्राम पंचायत पोड़ी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जिला स्तरीय जनविश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में रीवा संभागायुक्त शीलेन्द्र सिंह ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ वितरित किए।
विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान आम जनता और शासन-प्रशासन के बीच विश्वास मजबूत करने की महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य शासकीय योजनाओं और सेवाओं को सीधे आम नागरिकों तक पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को उसकी पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ मिले, इसके लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को समन्वय के साथ काम करना होगा।
22 लंबित शिकायतों की समीक्षा, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश
संभागायुक्त शीलेन्द्र सिंह ने सीएम हेल्पलाइन में लंबित 22 आवेदनों की मौके पर समीक्षा की। समय पर कार्रवाई नहीं करने पर जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए। वहीं जनजातीय कार्य विभाग के सेवानिवृत्त शिक्षक के स्वत्वों के भुगतान में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित डीडीओ के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए।
आरबीसी 6(4) के प्रकरणों में राहत राशि के अंतरण में देरी पर संबंधित अधिकारियों को 3 नवंबर तक बिल प्रस्तुत कर जानकारी देने के लिए कहा गया। संभागायुक्त ने स्पष्ट किया कि आम जनता से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शिविर में प्राप्त आवेदनों पर सुनवाई करते हुए बसंती गुप्ता एवं सुभागिया की सामाजिक सुरक्षा पेंशन स्वीकृत की गई। कलेक्टर विकास मिश्रा ने बताया कि 30 नवंबर को फॉलोअप शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें वर्तमान शिविर में प्राप्त आवेदनों और लंबित प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की जाएगी।
आंगनवाड़ी में पोषण आहार की गुणवत्ता पर सख्ती
शिविर के दौरान संभागायुक्त ने पोड़ी आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने टेक होम राशन (टीएचआर) की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि बच्चों और हितग्राहियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं पोषक तत्वों से भरपूर आहार उपलब्ध कराया जाए। गुणवत्ता में लापरवाही बरतने वाले स्व सहायता समूहों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ आंगनवाड़ी केंद्रों में पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा। अधिकारियों और कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचे।
हर दीदी की मासिक आय 10 हजार से अधिक करने का लक्ष्य
संभागायुक्त ने आजीविका मिशन के सामुदायिक स्तरीय संगठन पोड़ी में स्व सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने समूहों की आजीविका गतिविधियों और आय के स्रोतों की जानकारी लेते हुए कहा कि ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए समूहों के साथ सामुदायिक संगठनों को भी मजबूत करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि ऐसी कार्ययोजना तैयार की जाए, जिससे प्रत्येक दीदी की मासिक आय 10 हजार रुपये से अधिक हो और उन्हें लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य पूरा किया जा सके। इसके लिए उत्पादन के साथ प्रसंस्करण, पैकेजिंग, मूल्य संवर्धन और विपणन पर भी ध्यान देने की जरूरत है।
हितग्राहियों को बांटे हितलाभ, विद्यार्थियों का सम्मान
शिविर में स्वामित्व योजना के तहत 11 हितग्राहियों को रजिस्ट्री वितरित की गई। चित्रवती स्व सहायता समूह कोटा एवं शंकर स्व सहायता समूह नागपोखर को 1 लाख 50 हजार रुपये का सीसीएल ऋण प्रदान किया गया। महिपाल सिंह कुन्दौर को स्प्रेयर यंत्र दिया गया। इसके अलावा पात्र हितग्राहियों को किसान क्रेडिट कार्ड, आयुष्मान कार्ड, पेंशन स्वीकृति पत्र तथा आय, निवास एवं जाति प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया। एक भारत श्रेष्ठ भारत योजना की निबंध प्रतियोगिता में चंदन साहू प्रथम, सपना साहू द्वितीय और नयन गुप्ता तृतीय रहे। चित्रकला प्रतियोगिता में विक्रम गुप्ता प्रथम तथा सहसिल पनिका द्वितीय स्थान पर रहे। संभाग स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में संजू यादव प्रथम और निशी पाण्डेय द्वितीय रहीं। खेल प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग की 100 मीटर दौड़ में रिया साहू, 800 मीटर दौड़ में राहुल रजक और गोला फेंक में अंजली गुप्ता प्रथम रहीं।
स्वच्छताकर्मी का सम्मान, नशामुक्ति की दिलाई शपथ
शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर भी लगाया गया। संभागायुक्त ने सिकल सेल एनीमिया की स्क्रीनिंग बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान स्वच्छताकर्मी सीताराम बंसल को सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि वॉश ऑन द व्हील के माध्यम से शासकीय संस्थाओं में सफाई कार्य कर अच्छी आय अर्जित कर रहे हैं। संभागायुक्त ने उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम में उप पुलिस महानिरीक्षक हेमंत चौहान, पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, जिला पंचायत सीईओ सौम्या आनंद, उप संचालक संजय टाइगर रिजर्व राजेश कन्ना टी, एसडीएम सागर जैन, जनपद पंचायत सीईओ ज्ञानेंद्र मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?