मड़वास ग्राम पंचायत में आयोजित हुई खंड स्तरीय जनसुनवाई, व्यापारियों ने SDM को सौंपा ज्ञापन,VIDEO
सीधी जिले के मड़वास ग्राम पंचायत में पहली बार खंड स्तरीय जनसुनवाई आयोजित हुई। एसडीएम आकाश अग्रवाल ने सुनीं समस्याएं, व्यापारियों ने एसडीएम लिंक कोर्ट स्थापित करने की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन।
मड़वास ग्राम पंचायत में आयोजित हुई खंड स्तरीय जनसुनवाई, व्यापारियों ने SDM को सौंपा ज्ञापन
रवि शुक्ला,मझौली । प्रत्येक मंगलवार की तरह आज भी जनसुनवाई आयोजित की गई लेकिन आज ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए दूर मझौली मुख्यालय तक न जाना पड़े, इस उद्देश्य से मंगलवार को पहली बार ग्राम पंचायत मड़वास में खंड स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया गया। मझौली एसडीएम आकाश अग्रवाल की उपस्थिति में आयोजित जनसुनवाई में कुल 8 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से कई आवेदनों का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अब तक प्रत्येक मंगलवार को जनपद एवं तहसील क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को सुनने के लिए मझौली में जनसुनवाई आयोजित की जाती रही है। मड़वास तहसील क्षेत्र से मझौली की दूरी अधिक होने के कारण ग्रामीणों को अपनी शिकायतें लेकर मुख्यालय पहुंचने में समय और धन खर्च करना पड़ता था। इसी परेशानी को देखते हुए प्रशासन ने मड़वास में खंड स्तरीय जनसुनवाई की पहल की है, ताकि ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर अपनी समस्याएं रखने का अवसर मिल सके।
एसडीएम लिंक कोर्ट के लिए व्यापारियों ने सौंपा ज्ञापन
जनसुनवाई के दौरान मड़वास के व्यापारियों एवं क्षेत्रवासियों ने तहसील मड़वास में एसडीएम लिंक कोर्ट स्थापित किए जाने की मांग को लेकर एसडीएम आकाश अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि तहसील मड़वास एक दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्र है। यहां के नागरिकों को राजस्व एवं अन्य प्रकरणों के संबंध में एसडीएम न्यायालय मझौली जाना पड़ता है। मड़वास से मझौली की दूरी अधिक होने के कारण आम नागरिकों का समय और धन दोनों खर्च होते हैं। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, किसानों एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। व्यापारियों ने मांग की कि तहसील मड़वास में एसडीएम लिंक कोर्ट की स्थापना के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर प्रस्ताव शासन एवं वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा जाए, जिससे क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर राजस्व संबंधी मामलों की सुनवाई की सुविधा मिल सके।
इस संबंध में मझौली एसडीएम आकाश अग्रवाल ने बताया कि मड़वास में जनसुनवाई का आज पहला दिन था, इसलिए शुरुआती तौर पर कम आवेदन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मड़वास में जनसुनवाई शुरू की गई है। आगे फिर से दिन निर्धारित कर यहां जनसुनवाई आयोजित की जाएगी, ताकि क्षेत्र के लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए मझौली मुख्यालय तक न जाना पड़े। वहीं, एसडीएम लिंक कोर्ट की मांग पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र भेजकर आवश्यक पहल की जाएगी। जनपद सीईओ सुरभि श्रीवास्तव, तहसीलदार वेदवती सिंह, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शैलेन्द्र सिंह,बीआरसीसी अयोध्या पटेल,नायब तहसीलदार उपेंद्र द्विवेदी,परियोजना अधिकारी शिवानंद शुक्ला,सहायक यंत्री इंद्रलाल सिंह,सहित सभी विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थिति रहे।