सीधी: गिजवार में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का शिविर आयोजित,कलेक्टर विकास मिश्रा ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

Nov 13, 2026 - 21:16
 0  33
सीधी: गिजवार में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का शिविर आयोजित,कलेक्टर विकास मिश्रा ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
Sidhi news: गिजवार में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का शिविर, 14 लाख के स्वीकृति पत्र वितरित

सीधी: गिजवार में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का शिविर आयोजित,कलेक्टर विकास मिश्रा ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

रवि शुक्ला,मझौली। जनपद पंचायत मझौली की ग्राम पंचायत गिजवार स्थित विद्यालय परिसर में शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जनसमस्या निवारण एवं हितग्राही लाभ वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और उनकी समस्याएं सुनकर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्रवाई की। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराईं।

शिविर में कलेक्टर विकास मिश्रा ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपनी-अपनी योजनाओं की पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

13 दिसंबर को होगा फॉलोअप शिविर

कलेक्टर ने बताया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों पर की गई कार्रवाई की समीक्षा के लिए आगामी 13 दिसंबर को फॉलोअप शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रत्येक आवेदन के निराकरण की स्थिति की समीक्षा कर संबंधित आवेदकों को की गई कार्रवाई से अवगत कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को सभी आवेदनों का व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार रखने और समय-सीमा में उनका निराकरण करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य कृष्णलाल पयासी ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविरों का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाना और ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना है।

खिलाड़ियों और स्व सहायता समूहों को किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अनुज सिंह, मनीष सिंह, घनश्याम पनिका, नईम मंसूरी, जुबैद मंसूरी, अयान मंसूरी, निखिल सिंह एवं कुमारी आंचल सिंह को सम्मानित किया गया। वहीं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत चार स्व सहायता समूहों को कुल 14 लाख रुपये के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। इनमें राजीव गांधी स्व सहायता समूह गिजवार को 3 लाख रुपये, कीर्ति स्व सहायता समूह बकवा को 4 लाख रुपये, श्वेता स्व सहायता समूह सिलवार को 4 लाख रुपये तथा राज स्व सहायता समूह गिजवार को 3 लाख रुपये की राशि शामिल है।स्वच्छता के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले रामप्रसाद एवं सुरेन्द्र को शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।

जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही उपस्थिति

शिविर में जनपद पंचायत अध्यक्ष मझौली सुनैना सिंह, ग्राम पंचायत सरपंच लक्ष्मी पांडेय, वनमंडलाधिकारी प्रीति अहिरवार, अनुविभागीय अधिकारी मझौली आकाश अग्रवाल, जनपद पंचायत मझौली की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुरभि श्रीवास्तव, एसडीओपी संतोष तिवारी, थाना प्रभारी भूपेश वैश, मड़वास तहसीलदार वेदवती सिंह, सहायक यंत्री इंद्रलाल सिंह, बीएमओ दीपक सिंह, चंद्रकांत सिंह बघेल, मझौली तहसीलदार दिलीप सिंह, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शैलेन्द्र सिंह, विद्युत विभाग के कार्यपालन यंत्री, राजेंद्र सिंह राजपूत सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन अरविंद तिवारी ने किया।

Ravi Shukla रवि शुक्ला एक अनुभवी ग्राउंड रिपोर्टर हैं, दैनिक अखबारों और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है.रवि शुक्ला की मुख्य विशेषज्ञता हाइपर लोकल क्राइम, क्षेत्रीय राजनीति, प्रशासनिक,शिक्षा, फैसलों और ग्रामीण विषयों (खेती-किसानी) की ग्राउंड जीरो से तथ्यपरक रिपोर्टिंग करने में अच्छा अनुभव है।