कुसमी: पोंडी रेत खदान में पांच दिन के भीतर दूसरी घटना, रेत से लोड हाइवा पलटा

Nov 12, 2026 - 22:36
Nov 13, 2026 - 10:52
 0  113
कुसमी: पोंडी रेत खदान में पांच दिन के भीतर दूसरी घटना, रेत से लोड हाइवा पलटा
सीधी के कुसमी स्थित पोंडी रेत खदान में रेत से लोड हाइवा पलटने की घटना

कुसमी: पोंडी रेत खदान में पांच दिन के भीतर दूसरी घटना, रेत से लोड हाइवा पलटा

कुसमी। कुसमी थाना क्षेत्र के पोंडी रेत खदान में हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते पांच दिनों के भीतर खदान में दूसरी घटना सामने आई है। गुरुवार को रेत से लोड एक हाइवा वाहन खदान में पलट गया।  जानकारी के अनुसार, पोंडी रेत खदान का ठेका शक्ति इंटरप्राइजेज को मिला है। खदान में रेत उत्खनन और परिवहन को लेकर पहले से ही नियमों की अनदेखी किए जाने के आरोप लगते रहे हैं। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार को रेत से लोड हाइवा वाहन खदान परिसर में अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। 

पांच दिन पहले पोकलेन पलटने से हुई थी युवक की मौत

गौरतलब है कि इससे पहले 8 नवंबर को इसी पोंडी रेत खदान में रेत उत्खनन के दौरान पोकलेन मशीन पलट गई थी। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई थी। उस घटना के बाद भी खदान में सुरक्षा व्यवस्था और उत्खनन के तौर-तरीकों को लेकर सवाल उठे थे। अब पांच दिन के भीतर दूसरी घटना सामने आने से खदान के संचालन और सुरक्षा इंतजामों पर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं।

 खदान संचालन पर उठ रहे सवाल

लगातार हो रही घटनाओं के बीच स्थानीय स्तर पर आरोप लगाए जा रहे हैं कि खदान में निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। यदि इन आरोपों में सच्चाई है तो यह संबंधित विभागों की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। आखिर एक ही खदान में लगातार हादसे होने के बावजूद जिम्मेदार विभागों द्वारा सुरक्षा इंतजामों की जांच और नियमों के पालन को लेकर क्या कदम उठाए जा रहे हैं?

 कुसमी थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी ने बताया कि पोंडी रेत खदान में हाइवा पलटने की जानकारी मिली है।रेत लोड था या नहीं इसकी भी जानकारी नहीं है, और घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी भी नहीं है।

अब बड़ा सवाल यह है कि पांच दिनों के भीतर दूसरी घटना सामने आने के बाद भी क्या जिम्मेदार विभाग खदान के संचालन और सुरक्षा व्यवस्था की जांच करेंगे, या फिर किसी बड़ी घटना का इंतजार किया जाएगा?

Ravi Shukla रवि शुक्ला एक अनुभवी ग्राउंड रिपोर्टर हैं, दैनिक अखबारों और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है.रवि शुक्ला की मुख्य विशेषज्ञता हाइपर लोकल क्राइम, क्षेत्रीय राजनीति, प्रशासनिक,शिक्षा, फैसलों और ग्रामीण विषयों (खेती-किसानी) की ग्राउंड जीरो से तथ्यपरक रिपोर्टिंग करने में अच्छा अनुभव है।