सीधी में मौत बनकर दौड़ी यात्री बस, कार के उड़े परखच्चे; तीन लोगों की दर्दनाक मौत, 5 वर्षीय मासूम गंभीर

Oct 30, 2026 - 19:05
 0  472
सीधी में मौत बनकर दौड़ी यात्री बस, कार के उड़े परखच्चे; तीन लोगों की दर्दनाक मौत, 5 वर्षीय मासूम गंभीर
Sidhi Bus Accident: सीधी में बस-कार की भीषण भिड़ंत, 3 की मौत

सीधी में मौत बनकर दौड़ी यात्री बस, कार के उड़े परखच्चे; तीन लोगों की दर्दनाक मौत, 5 वर्षीय मासूम गंभीर

सीधी। जिले के चुरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत अमरपुर के बेहड़ा मोड़ पर शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच वर्षीय मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। सीधी से रामपुर नैकिन की ओर जा रही कार की सामने से आ रही वैष्णवी यात्री बस से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ। कार सीधी से रामपुर नैकिन की ओर जा रही थी, जबकि वैष्णवी यात्री बस रामपुर नैकिन से सीधी की तरफ आ रही थी। इसी दौरान अमरपुर के बेहड़ा मोड़ के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तत्काल मदद के लिए पहुंचे और पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी।

मैहर जिले के दो मृतकों की हुई पहचान

हादसे में जान गंवाने वालों में मैहर जिले के देवरा गांव निवासी अनिल तिवारी (35 वर्ष) और मनोरमा तिवारी (30 वर्ष) की पहचान हुई है। दुर्घटना में तीसरे व्यक्ति की भी मौत हुई है, जिसकी पहचान और पते की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। पुलिस द्वारा मृतकों की पहचान संबंधी जानकारी जुटाई जा रही है। बताया जा रहा है कि जिनकी मौत हुई है पति पत्नी है और लड़का रिश्तेदार है।

पांच वर्षीय मासूम की हालत गंभीर

इस भीषण दुर्घटना में पांच वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हुई है। प्रत्यक्षदर्शी विनय मिश्रा निवासी कुआं के मुताबिक, हादसे के बाद बच्ची गंभीर हालत में रो रही थी। स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। चुरहट अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर अनूप सिंह ने हादसे में तीन लोगों की मौत होने की पुष्टि की है। घायल बच्ची ने अपना नाम रानी तिवारी बताया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

एक ही कार में सवार चार लोगों में से तीन की मौत और एक मासूम के गंभीर रूप से घायल होने की इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। दोनों वाहनों की भिड़ंत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Ravi Shukla रवि शुक्ला एक अनुभवी ग्राउंड रिपोर्टर हैं, दैनिक अखबारों और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है.रवि शुक्ला की मुख्य विशेषज्ञता हाइपर लोकल क्राइम, क्षेत्रीय राजनीति, प्रशासनिक,शिक्षा, फैसलों और ग्रामीण विषयों (खेती-किसानी) की ग्राउंड जीरो से तथ्यपरक रिपोर्टिंग करने में अच्छा अनुभव है।