1 नवंबर से सीधी जिले में शुरू होगा आत्मनिर्भर ग्राम पंचायत अभियान, उत्कृष्ट पंचायत को मिलेगा सम्मान

Oct 30, 2026 - 21:23
 0  135
1 नवंबर से सीधी जिले में शुरू होगा आत्मनिर्भर ग्राम पंचायत अभियान, उत्कृष्ट पंचायत को मिलेगा सम्मान
सीधी जिले में 1 नवंबर से शुरू होगा आत्मनिर्भर ग्राम पंचायत (Photo source:CHAT GPT)

1 नवंबर से सीधी जिले में शुरू होगा आत्मनिर्भर ग्राम पंचायत अभियान, उत्कृष्ट पंचायत को मिलेगा सम्मान

सीधी ।  ग्राम पंचायतों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने तथा उनकी स्वयं के स्रोत से होने वाली आय में वृद्धि करने के उद्देश्य से जिला पंचायत सीधी द्वारा 1 नवंबर 2026 से आत्मनिर्भर ग्राम पंचायत अभियान प्रारंभ किया जा रहा है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सौम्या आनंद ने बताया कि अभियान के माध्यम से ग्राम पंचायतों में वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ स्थानीय संसाधनों से आय बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे।

 अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायतों द्वारा निर्धारित नियमानुसार करों, शुल्कों एवं उपयोगकर्ता प्रभारों की वसूली को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके साथ ही पंचायत दर्पण पोर्टल के माध्यम से ग्राम पंचायतों की प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।

आय के विभिन्न स्रोतों की होगी पहचान

अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत अपने संभावित आय स्रोतों की पहचान कर नियमानुसार संपत्ति कर, बाजार एवं हाट शुल्क, दुकानों का किराया, जल प्रदाय शुल्क, स्वच्छता शुल्क तथा अन्य अनुमन्य शुल्कों की वसूली सुनिश्चित करेगी।   वसूली प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के लिए पंचायत दर्पण पोर्टल पर निर्धारित एफटी कोड के माध्यम से ही राशि प्राप्त की जाएगी तथा ऑनलाइन रसीद जारी कर नियमानुसार लेखा संधारित किया जाएगा। पंचायत की आय एवं वसूली संबंधी जानकारी पोर्टल पर नियमित रूप से दर्ज एवं अद्यतन करना अनिवार्य होगा। किसी भी स्थिति में प्रचलित अधिनियमों, नियमों एवं शासन के निर्देशों के विपरीत वसूली नहीं की जाएगी।

प्रतिदिन घोषित होंगी जिले की शीर्ष तीन पंचायतें

पंचायत दर्पण पोर्टल के डैशबोर्ड पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर स्वयं के स्रोत से आय, उपयोगकर्ता प्रभार एवं कर वसूली के निर्धारित मानकों पर प्रतिदिन जिले की शीर्ष तीन ग्राम पंचायतों की सूची तैयार कर प्रदर्शित की जाएगी। इसका उद्देश्य पंचायतों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा विकसित करना तथा बेहतर प्रदर्शन करने वाली पंचायतों को प्रोत्साहित करना है।

उत्कृष्ट पंचायत को मिलेगा मासिक सम्मान

अभियान के अंतर्गत प्रत्येक माह निर्धारित मानकों के आधार पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली ग्राम पंचायत को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए पंचायत दर्पण पोर्टल पर उपलब्ध अभिलेखों एवं आवश्यक सत्यापन के आधार पर प्रदर्शन का आकलन किया जाएगा।

सरपंच, सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायकों की होगी महत्वपूर्ण भूमिका

अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सरपंच, पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायकों की जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं। सरपंच ग्राम पंचायत की आय बढ़ाने के लिए नेतृत्व प्रदान करेंगे तथा वसूली एवं वित्तीय कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करेंगे। पंचायत सचिव नियमानुसार शुल्कों की वसूली, रसीद जारी करने, लेखा संधारण तथा पंचायत दर्पण पोर्टल पर जानकारी अद्यतन कराने की जिम्मेदारी निभाएंगे। वहीं ग्राम रोजगार सहायक अभियान के क्रियान्वयन एवं संबंधित अभिलेखों तथा पोर्टल प्रविष्टियों को अद्यतन करने में सहयोग प्रदान करेंगे। संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभियान की नियमित समीक्षा करेंगे तथा कमजोर प्रदर्शन करने वाली ग्राम पंचायतों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करेंगे।

स्थानीय सुविधाओं के विकास में आत्मनिर्भर बनेंगी पंचायतें

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सौम्या आनंद ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल अधिकाधिक वसूली करना नहीं है, बल्कि ग्राम पंचायतों में वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं नियमित मॉनिटरिंग की संस्कृति विकसित करना है। इससे पंचायतें अपने स्थानीय संसाधनों से प्राप्त आय का उपयोग स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के रखरखाव एवं सुधार में अधिक प्रभावी ढंग से कर सकेंगी। उन्होंने समस्त सरपंचों, पंचायत सचिवों एवं ग्राम रोजगार सहायकों को निर्देशित किया है कि 1 नवंबर 2026 से अभियान को प्राथमिकता के साथ संचालित करें तथा ग्राम पंचायतों की आय बढ़ाने एवं पंचायत दर्पण पोर्टल पर नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से निरंतर सुधार सुनिश्चित करें।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Ravi Shukla रवि शुक्ला एक अनुभवी ग्राउंड रिपोर्टर हैं, दैनिक अखबारों और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है.रवि शुक्ला की मुख्य विशेषज्ञता हाइपर लोकल क्राइम, क्षेत्रीय राजनीति, प्रशासनिक,शिक्षा, फैसलों और ग्रामीण विषयों (खेती-किसानी) की ग्राउंड जीरो से तथ्यपरक रिपोर्टिंग करने में अच्छा अनुभव है।