जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष पवन मिश्रा की दादी का 100 वर्ष की आयु में निधन
जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष पवन मिश्रा की दादी का 100 वर्ष की आयु में निधन
मझौली। सीधी जिले के मझौली क्षेत्र के ग्राम पंचायत दादर के ग्राम नेउरा टोला की प्रतिष्ठित व्यौहर परिवार और पूरे मझौली अंचल में बुधवार को शोक की लहर छा गई। शासकीय महाविद्यालय मझौली की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष पवन मिश्रा की दादी कमला मिश्रा का 100 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने बुधवार सुबह लगभग 7 बजे अपने निज निवास पर अंतिम सांस ली। परिजनों के अनुसार, वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रही थीं। श्री मिश्रा की दादी ग्राम पंचायत दादर के व्यौहर परिवार की सबसे उम्रदराज सदस्य थीं। परिवार की मुखिया के रूप में उन्होंने कई पीढ़ियों को अपने स्नेह, संस्कार और अनुभवों से जोड़े रखा। उनका सादगीपूर्ण जीवन और परिवार के प्रति समर्पण लोगों के लिए प्रेरणास्रोत रहा।
भरा-पूरा परिवार छोड़ गईं
वे अपने पीछे एक भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनके निधन की खबर मिलते ही मझौली, दादर सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों का उनके निवास पर पहुंचना शुरू हो गया। लोगों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उनके निधन से व्यौहर परिवार ने अपनी वरिष्ठ मार्गदर्शक को खो दिया, वहीं मझौली अंचल में शोक का माहौल बना हुआ है।
What's Your Reaction?