Sidhi News: प्रभारी मंत्री ने 43.60 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का किया लोकार्पण, शिक्षा के क्षेत्र को मिली नई सौगात
Sidhi News: सीधी में प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने 43.60 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। स्कूल-छात्रावास शुरू, हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिला।
Sidhi News: प्रभारी मंत्री ने 43.60 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का किया लोकार्पण, शिक्षा के क्षेत्र को मिली नई सौगात
सीधी । मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत सिहावल में आयोजित शिविर में मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं सीधी जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचे और लोगों की समस्याओं का समाधान मौके पर हो, इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विकास और जनकल्याण के कार्य निरंतर किए जा रहे हैं।
प्रभारी मंत्री ने बताया कि प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में 7 अगस्त से प्रत्येक शुक्रवार मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का संचालन किया जा रहा है, जो 8 जनवरी तक चलेगा। इसी क्रम में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक मुख्यमंत्री सेवा संकल्प अभियान भी संचालित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से कहा कि शिविरों के माध्यम से आमजन तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करें और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने सिहावल में 43 करोड़ 60 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति वाले दो महत्वपूर्ण शैक्षणिक कार्यों का लोकार्पण भी किया। उन्होंने 3925.60 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति से निर्मित शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिहावल तथा 434.67 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति से निर्मित आदिवासी सीनियर बालक छात्रावास पतुलखी का लोकार्पण किया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सरकार की प्राथमिकता है। ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों के बच्चों को भी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें, इसके लिए सरकार द्वारा कक्षा 1 से 12वीं तक निःशुल्क पुस्तकें, कक्षा 1 से 8वीं तक निःशुल्क गणवेश और कक्षा 1 से 8वीं तक मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। कक्षा 6वीं और 9वीं के विद्यार्थियों को साइकिल प्रदान की जा रही है। कक्षा 12वीं में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले पात्र विद्यार्थियों को लैपटॉप के लिए 25 हजार रुपये की सहायता तथा मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी योजना का लाभ दिया जा रहा है।
प्रभारी मंत्री ने सिंगरौली की बेटी प्रज्ञा जायसवाल का उदाहरण देते हुए कहा कि यदि वहां की बेटी 500 में से 500 अंक प्राप्त कर सकती है तो सीधी जिले के बच्चे भी यह उपलब्धि हासिल कर सकते हैं। विद्यार्थियों से उन्होंने कहा कि वे अपनी पूरी ऊर्जा पढ़ाई में लगाते हुए लक्ष्य के लिए जुट जाएं और सफलता हासिल करें।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में विकास का व्यापक विस्तार हो रहा है। सड़कों का जाल बिछ रहा है, रेल परियोजनाओं पर काम हो रहा है और रेल सुविधा शीघ्र ही सीधी जिला मुख्यालय तक पहुंचेगी। उन्होंने किसान सम्मान निधि, आयुष्मान कार्ड, उज्ज्वला योजना तथा सिंचाई सुविधाओं सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास के साथ प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक सिहावल विश्वामित्र पाठक ने की। उन्होंने सिहावल में जिले के प्रथम शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के लोकार्पण को क्षेत्र के लिए गौरव और शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जो अब पूरी हुई है। नवीन विद्यालय परिसर से विद्यार्थियों को आधुनिक और सुविधायुक्त वातावरण में अध्ययन करने का अवसर मिलेगा।
विश्वामित्र पाठक ने कहा कि सिहावल के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शिक्षा के साथ स्वास्थ्य और अधोसंरचना के क्षेत्र में भी विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। क्षेत्र में बेहतर सड़क, स्वास्थ्य सुविधाएं और शैक्षणिक अधोसंरचना उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सिहावल क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए जो भी आवश्यक होगा, उसमें कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के बच्चों को अच्छी शिक्षा और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। नवीन विद्यालय और छात्रावास जैसी सुविधाओं से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा और उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी सिहावल के विकास की गति को बनाए रखा जाएगा।
विधायक धौहनी कुंवर सिंह टेकाम ने अपने उद्बोधन में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रहा है और विकास की गति लगातार तेज हुई है।
जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह ने कहा कि सिहावल में विद्यालय का लोकार्पण शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जिले में शिक्षा के साथ-साथ सर्वांगीण विकास के कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं से विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे।
समाजसेवी देव कुमार सिंह चौहान ने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनकल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों से आमजन को सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने शिक्षा और विकास के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
कलेक्टर विकास मिश्रा ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान को जनसमस्याओं के समाधान और प्रशासन को जनता के और करीब लाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी अपने कार्य एवं व्यवहार में सुचिता रखें तथा आमजन की समस्याओं के निराकरण को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की ‘मन की बात’ कार्यक्रम में सीधी जिले का उल्लेख होना जिलेवासियों के लिए गौरव का क्षण रहा है। इसी प्रकार शिक्षक दिवस पर जिले के शिक्षकों का राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर सम्मानित होना भी सीधी के लिए गर्व की बात है।
जनविश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल 2.0 योजना के तहत 6 हितग्राहियों को कुल 20 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की गई। जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र की उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत 6 हितग्राहियों को कुल 45.90 लाख रुपये के ऋण वितरित किए गए। मध्यप्रदेश डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की सीसीएल ऋण योजना के तहत 5 हितग्राहियों को कुल 11.50 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 4 हितग्राहियों को 1.20-1.20 लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई। मत्स्य विभाग की मछुआ किसान क्रेडिट योजना के तहत 50 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया। मुख्यमंत्री कल्याणी विवाह सहायता योजना के तहत 3 हितग्राहियों को कुल 6 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कल्याणी पेंशन, लाड़ली लक्ष्मी योजना एवं स्वाइल हेल्थ कार्ड के हितग्राहियों को भी हितलाभ वितरित किए गए। टीबी मरीजों को फूड बास्केट का वितरण भी किया गया।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। प्रभारी मंत्री सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने स्टॉलों का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, जबकि पशुपालन विभाग द्वारा पशुपालकों को विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने उपस्थित जनों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिलों का वितरण भी किया गया। नवीन विद्यालय परिसर मिलने पर विद्यार्थियों और अभिभावकों में उत्साह और खुशी का माहौल रहा।
सांदीपनि विद्यालय और छात्रावास का लोकार्पण
मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं सीधी जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने सिहावल में 43 करोड़ 60 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति वाले दो महत्वपूर्ण शैक्षणिक कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें 3925.60 लाख रुपये की लागत से निर्मित शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिहावल और 434.67 लाख रुपये की लागत से निर्मित आदिवासी सीनियर बालक छात्रावास पतुलखी शामिल हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक सिहावल विश्वामित्र पाठक ने की। विधायक धौहनी कुंवर सिंह टेकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह और कलेक्टर विकास मिश्रा उपस्थित रहे।
लोकार्पण के बाद प्रभारी मंत्री ने विद्यालय के पूरे परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षों, शैक्षणिक सुविधाओं और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा अधिकारियों से जानकारी ली।
इस दौरान नीट और जेईई की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से संवाद करते हुए प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिलें।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में अपना लक्ष्य निर्धारित करें और उसे हासिल करने के लिए जिद, जुनून और पूरी ऊर्जा के साथ मेहनत करें। सफलता के लिए अनुशासन, निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास को अपनी ताकत बनाएं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जितना बड़ा लक्ष्य निर्धारित करेंगे, उतनी ही बड़ी उपलब्धियां हासिल करने का प्रयास करेंगे।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूलों में प्रथम प्रयास में नियमित परीक्षार्थी के रूप में न्यूनतम 70 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल करने वाले बालक और बालिका को निःशुल्क स्कूटी प्रदान की जाती है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के तहत कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में प्रथम प्रयास में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले पात्र विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए बेहतर परिणाम हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया।
विधायक सिहावल विश्वामित्र पाठक ने कहा कि नवीन विद्यालय परिसर क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस परिसर से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। सिहावल क्षेत्र में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की कमी नहीं है। उचित सुविधाएं और मार्गदर्शन मिलने से यहां के विद्यार्थी नीट, जेईई सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर परिणाम हासिल कर सकते हैं।
कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। नवीन परिसर में उपलब्ध सुविधाओं का विद्यार्थियों के हित में प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। नवीन परिसर मिलने पर विद्यार्थियों और अभिभावकों में खुशी का माहौल रहा। छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।
छात्रावास का लोकार्पण,बच्चों के साथ बैठकर किया भोजन
मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं सीधी जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने सिहावल में 404 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति से निर्मित जूनियर आदिवासी बालक छात्रावास का लोकार्पण किया। इस अवसर पर विधायक सिहावल विश्वामित्र पाठक, विधायक धौहनी कुंवर सिंह टेकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, कलेक्टर विकास मिश्रा तथा समाजसेवी देव कुमार सिंह चौहान उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री ने छात्रावास का निरीक्षण कर बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने छात्रावास में रह रहे बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया और आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई, रहन-सहन और छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली तथा मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि जनजातीय वर्ग के बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने छात्रावास की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
What's Your Reaction?