सीधी: शिक्षा के मंदिर में शर्मनाक मामला! शिक्षक पर छात्राओं से अभद्रता और अश्लील टिप्पणी के आरोप, छात्र-अभिभावकों ने खोला मोर्चा, FIR दर्ज, VIDEO
सीधी के स्कूल में बवाल! शिक्षक पर छात्राओं से अभद्रता के आरोप, थाने पहुंचीं छात्राएं और अभिभावक,शिक्षक कमलेश रावत पर छात्राओं ने अभद्र भाषा और अश्लील टिप्पणी के आरोप लगाए। शिकायत पर मड़वास पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की।
सीधी: शिक्षा के मंदिर में शर्मनाक मामला! शिक्षक पर छात्राओं से अभद्रता और अश्लील टिप्पणी के आरोप, छात्र-अभिभावकों ने खोला मोर्चा, FIR दर्ज, VIDEO
सीधी, रवि शुक्ला। शिक्षा के मंदिर कहे जाने वाले विद्यालय में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और अनुशासन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सीधी जिले के जनपद शिक्षा केंद्र अंतर्गत मड़वास संकुल के शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय धनौर में पदस्थ शिक्षक कमलेश रावत पर छात्राओं ने शराब पीकर विद्यालय आने, अभद्र व्यवहार करने और अश्लील शब्दों और गन्दी हरकत का प्रयोग करने के आरोप लगाए हैं। मामले से आक्रोशित छात्र-छात्राएं अपने अभिभावकों और गांव के सरपंच के साथ मड़वास थाने पहुंचे और शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर शिक्षक के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छात्राओं ने लगाए गंभीर आरोप
छात्राओं और अभिभावकों के अनुसार, संबंधित शिक्षक पर आए दिन शराब पीकर विद्यालय आने तथा छात्राओं के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने के आरोप हैं। शिकायत में विद्यालय में मारपीट और अशोभनीय व्यवहार की बात भी सामने आई है। अभिभावकों का आरोप है कि ऐसी परिस्थितियों के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और वे परेशान हैं। मामले से नाराज छात्र-छात्राएं और उनके परिजन शिकायत लेकर मड़वास थाने पहुंचे। उनके साथ गांव के सरपंच भी मौजूद रहे। सभी ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
बच्चों की सुरक्षा पर सवाल
विद्यालय बच्चों के भविष्य निर्माण का स्थान है, यहां छात्र-छात्राओं को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण मिलना चाहिए। यदि विद्यालय में ही बच्चों को अभद्र व्यवहार का सामना करना पड़े, तो उनकी पढ़ाई और मानसिक स्थिति पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। अभिभावकों ने संबंधित अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्यालय में अनुशासन और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
मड़वास पुलिस ने दर्ज किया मामला
छात्र-छात्राओं और अभिभावकों की शिकायत पर मड़वास पुलिस ने शिक्षक कमलेश रावत के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी के अनुसार, शिकायत में मारपीट और अभद्र भाषा के प्रयोग के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115 और 296 तथा किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम की धारा 75 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू करने की जानकारी दी है। मामले की जानकारी संबंधित शिक्षा विभाग को भी भेजी जाएगी।
प्रधानाचार्य बोले- मिली थी शिकायत
विद्यालय के प्रधानाचार्य कल्याण प्रसाद साकेत ने बताया कि छात्राओं ने शिक्षक कमलेश रावत के अभद्र भाषा का प्रयोग करने की शिकायत उनसे की थी। इसकी जानकारी उन्होंने फोन के माध्यम से वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी थी। प्रधानाचार्य के अनुसार, शिक्षक के शराब पीकर विद्यालय आने की बात भी सामने आई थी। उन्होंने बताया कि मामले में मड़वास थाने में लिखित आवेदन भी दिया जा रहा है।
जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति
विद्यालय में शिक्षक के व्यवहार को लेकर सामने आए आरोपों ने शिक्षा व्यवस्था और छात्राओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, आरोपों की वास्तविकता पुलिस जांच और संबंधित विभाग की कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट होगी। अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है और विद्यालय में बच्चों के लिए सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए क्या कार्रवाई की जाती है।
What's Your Reaction?