Sidhi,Madwas News: कुसमी-महखोर मुख्य मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, पिता की मौत, बेटी गंभीर रूप से घायल
सीधी जिले के कुसमी-महखोर मुख्य मार्ग पर होम लाइक स्कूल के पास पिकअप और बाइक की भिड़ंत में बेटी के सामने पिता की मौत हो गई। बेटी गंभीर रूप से घायल, रीवा रेफर।
Sidhi,Madwas News: कुसमी-महखोर मुख्य मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, पिता की मौत, बेटी गंभीर रूप से घायल
मझौली। मध्य प्रदेश के सीधी जिले में कुसमी-महखोर मुख्य मार्ग पर होम लाइक स्कूल के समीप बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सामने से आ रही पिकअप वाहन और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर में बाइक सवार दीनानाथ गोस्वामी (35) की घटनास्थल पर ही बेटी के सामने मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्ची को जिला मुख्य चिकित्सालय सीधी से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में रीवा रेफर किया गया है। घटना मड़वास थाना क्षेत्र की है।
पिता बेटी को लेकर जा रहे थे बैंक
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक दीनानाथ गोस्वामी पिता राममिलन गोस्वामी, ग्राम गोतरा के निवासी थे। वह हैदराबाद में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करते थे और बुधवार को ही हैदराबाद से अपने गृहग्राम लौटे थे। घर पहुंचने के बाद वह अपनी बेटी इक्षा गोस्वामी को बाइक पर बैठाकर टिकरी स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में उसके खाते में आधार नंबर अपडेट करवाने जा रहे थे। इसी दौरान कुसमी-महखोर मुख्य मार्ग पर होम लाइक स्कूल के समीप सामने से आ रही पिकअप वाहन से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दीनानाथ गोस्वामी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई।
गंभीर हालत में रीवा रेफर हुई बेटी
हादसे के बाद घायल बच्ची को तत्काल जिला मुख्य चिकित्सालय सीधी पहुंचाया गया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए रीवा रेफर कर दिया। वहीं, मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
हादसे में दीनानाथ गोस्वामी की मौत के बाद परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने कुसमी-महखोर मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर मड़वास तहसीलदार वेदवती सिंह और मड़वास पुलिस मौके पर पहुंची। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस ने परिजनों एवं ग्रामीणों को समझाइश दी, जिसके बाद सड़क जाम हटाया गया और आवागमन बहाल कराया गया। इस हादसे से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हैदराबाद से घर लौटने के कुछ ही समय बाद हुई इस घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
What's Your Reaction?