मड़वास : धनतेरस की खुशियां मातम में बदलीं: नई पल्सर लेकर जा रहे दो युवकों की मौत, तीसरा गंभीर
सीधी के मड़वास थाना क्षेत्र के ग्राम हिनौता में सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर घायल है। तीनों धनतेरस पर नई पल्सर बाइक खरीदकर रिश्तेदारी जा रहे थे।
मड़वास : धनतेरस की खुशियां मातम में बदलीं: नई पल्सर लेकर जा रहे दो युवकों की मौत, तीसरा गंभीर
सीधी। धनतेरस के दिन नई मोटरसाइकिल खरीदकर घर लौट रहे तीन युवकों की खुशियां कुछ ही घंटों में मातम में बदल गईं। सीधी जिले के मड़वास थाना क्षेत्र के ग्राम हिनौता में शनिवार देर रात करीब 7:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की नाजुक हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल सीधी से संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महुआ गांव जिला सिंगरौली निवासी तीन युवक धनतेरस के अवसर पर निवास स्थित बजाज एजेंसी से नई पल्सर मोटरसाइकिल खरीदकर लौट रहे थे। बताया गया है कि तीनों युवक रिश्तेदारी में खड़ौरा जा रहे थे। मोटरसाइकिल पर मनोज सिंह (20), कृष्ण देव सिंह (21) और बृज सिंह (21) सवार थे। इसी दौरान ग्राम हिनौता के पास अचानक उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित गड्ढे में जा घुसी। हादसा इतना गंभीर था कि मनोज सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि कृष्ण देव सिंह ने मड़वास अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं तीसरा युवक बृज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक के पैर में तीन जगह फ्रैक्चर
दुर्घटना में घायल बृज सिंह के पैर में तीन जगह फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद वह अचेत अवस्था में था और बोलने की स्थिति में नहीं था। उसे तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए मड़वास अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय सीधी भेजा गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर कर दिया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
मड़वास थाना प्रभारी भूपेश बैस ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। सड़क किनारे गड्ढे में गिरे तीनों युवकों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिए हैं तथा घायल युवक को उपचार के लिए रेफर कराया गया है।
धनतेरस की खुशियां मातम में बदलीं
जिस नई पल्सर मोटरसाइकिल को खरीदकर तीनों युवक खुशी-खुशी घर लौट रहे थे, वही सफर उनके परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला दुख बन गया। दो युवकों की असमय मौत की खबर से महुआ गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। त्योहार की खुशियों के बीच दो परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
What's Your Reaction?