MP News: भगवान श्रीराम के नाम पर पति बना हैवान, पत्नी से बोला- राम नहीं महाकाल के वीडियो देखो, झगड़े में तलवार से किया हमला,महिला घायल
MP News: भगवान श्रीराम के नाम पर पति बना हैवान, पत्नी से बोला- राम नहीं महाकाल के वीडियो देखो, झगड़े में तलवार से किया हमला,महिला घायल
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में मोबाइल पर भगवान श्रीराम का वीडियो देखने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि भगवान श्रीराम का वीडियो देखने से नाराज पति ने अपनी पत्नी पर तलवार से हमला कर दिया। हमले में महिला के हाथ की कलाई समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। जान बचाने के लिए महिला पड़ोसियों के घर पहुंची, जहां उसने दरवाजा बंद कर खुद को बचाया। घायल महिला को उपचार के लिए जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोबाइल पर वीडियो देखने को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, घटना ग्वालियर के हजीरा इलाके की है। यहां रहने वाली रीतू तोमर घर में मोबाइल पर भगवान श्रीराम से संबंधित वीडियो देख रही थीं। इसी दौरान उनके पति करणवीर तोमर ने कथित तौर पर उनसे भगवान श्रीराम के वीडियो की जगह बाबा महाकाल से संबंधित वीडियो देखने को कहा। इस पर रीतू ने कहा कि उन्हें भगवान श्रीराम का वीडियो देखना पसंद है और वह वही वीडियो देखेंगी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला हिंसक हो गया।
तलवार से हमले का आरोप, महिला ने भागकर बचाई जान
आरोप है कि विवाद के दौरान करणवीर घर में रखी तलवार निकाल लाया और पत्नी पर हमला कर दिया। बचाव के लिए रीतू ने अपना हाथ आगे किया, जिससे उनकी कलाई पर गहरा घाव हो गया। महिला के पैर और गर्दन पर भी चोट लगने की बात सामने आई है। हमले के दौरान रीतू किसी तरह वहां से भाग निकलीं और अपनी जान बचाने के लिए पड़ोस के घर में पहुंच गईं। उन्होंने घर का दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद घायल अवस्था में वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बच्चों के सामने हुआ विवाद, तलाक देने की भी कही बात
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच विवाद के दौरान उनके बच्चे भी घर में मौजूद थे। विवाद के समय पति द्वारा पत्नी को तलाक देने की बात कहने की जानकारी भी सामने आई है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने करणवीर तोमर के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
What's Your Reaction?