CBSE Board Exam 2027: सीबीएसई 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी से, CBSE ने जारी किया परीक्षा का टाइम टेबल

Nov 6, 2026 - 22:29
 0  9
CBSE Board Exam 2027: सीबीएसई 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी से, CBSE ने जारी किया परीक्षा का टाइम टेबल
CBSE Board Exam 2027 की डेटशीट जारी!

CBSE Board Exam 2027: सीबीएसई 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी से, CBSE ने जारी किया परीक्षा का टाइम टेबल 

नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। घोषित कार्यक्रम के अनुसार, दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी। कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 9 मार्च तक और कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 9 अप्रैल 2027 तक आयोजित की जाएंगी। डेटशीट जारी होने के साथ ही विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के लिए विषयवार कार्यक्रम मिल गया है।

बोर्ड के परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार, अधिकांश परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे से शुरू होंगी। विषयों के आधार पर परीक्षा की अवधि दो से तीन घंटे निर्धारित की गई है। कक्षा 10वीं में कुल 83 विषयों और कक्षा 12वीं में 121 विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थियों को अपनी स्ट्रीम और चयनित विषयों के अनुसार परीक्षा की तारीखों का मिलान करने की सलाह दी गई है।

10वीं में गणित का पेपर 17 फरवरी को

कक्षा 10वीं की परीक्षाओं की शुरुआत 16 फरवरी को पेंटिंग विषय से होगी। इसके अगले दिन 17 फरवरी को गणित स्टैंडर्ड और गणित बेसिक की परीक्षा आयोजित की जाएगी। 19 फरवरी को होम साइंस, 22 फरवरी को विज्ञान, 24 फरवरी को कंप्यूटर एप्लीकेशन, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की परीक्षा होगी। वहीं, 26 फरवरी को अंग्रेजी, 3 मार्च को हिंदी कोर्स-ए एवं बी और 8 मार्च को सामाजिक विज्ञान का पेपर निर्धारित किया गया है। 9 मार्च को 10वीं की परीक्षाएं समाप्त होंगी। अन्य भाषाओं और व्यावसायिक विषयों के पेपर भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होंगे।

12वीं की परीक्षाएं 9 अप्रैल तक

कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं भी 16 फरवरी से शुरू होकर 9 अप्रैल 2027 तक चलेंगी। विज्ञान, वाणिज्य और कला संकाय के विद्यार्थियों के लिए विषयवार परीक्षा कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। प्रमुख विषयों में 18 फरवरी को फिजिकल एजुकेशन, 23 फरवरी को अकाउंटेंसी, 27 फरवरी को केमिस्ट्री, 5 मार्च को अंग्रेजी, 9 मार्च को गणित एवं अप्लाइड गणित, 16 मार्च को इकोनॉमिक्स, 19 मार्च को पॉलिटिकल साइंस और 25 मार्च को बायोलॉजी की परीक्षा होगी। इसके अलावा हिस्ट्री, सोशियोलॉजी, कंप्यूटर साइंस और बिजनेस स्टडीज सहित अन्य विषयों के पेपर भी अलग-अलग तारीखों पर आयोजित किए जाएंगे। अंतिम परीक्षाएं 9 अप्रैल को होंगी।

जनवरी से होंगी प्रैक्टिकल परीक्षाएं

थ्योरी परीक्षाओं के साथ सीबीएसई ने प्रैक्टिकल, प्रोजेक्ट और इंटरनल असेसमेंट का कार्यक्रम भी निर्धारित किया है। नियमित शैक्षणिक सत्र वाले स्कूलों में प्रायोगिक परीक्षाएं 1 जनवरी से 13 फरवरी 2027 तक आयोजित की जाएंगी। वहीं, शीतकालीन क्षेत्रों के स्कूलों में प्रैक्टिकल एवं इंटरनल असेसमेंट की प्रक्रिया 9 नवंबर से 19 दिसंबर 2026 तक पूरी की जाएगी।

वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे डेटशीट

विद्यार्थी सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 10वीं और 12वीं की विषयवार डेटशीट देख सकते हैं। इसके लिए बोर्ड की वेबसाइट www.cbse.gov.in  जाकर लेटेस्ट अपडेट सेक्शन में संबंधित कक्षा की बोर्ड परीक्षा 2027 की डेटशीट लिंक खोलनी होगी। वहां से विद्यार्थी पीडीएफ डाउनलोड कर सकते हैं। बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार अपनी पढ़ाई और रिवीजन की रणनीति तैयार करें तथा प्रवेश पत्र और परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Ravi Shukla रवि शुक्ला एक अनुभवी ग्राउंड रिपोर्टर हैं, दैनिक अखबारों और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है.रवि शुक्ला की मुख्य विशेषज्ञता हाइपर लोकल क्राइम, क्षेत्रीय राजनीति, प्रशासनिक,शिक्षा, फैसलों और ग्रामीण विषयों (खेती-किसानी) की ग्राउंड जीरो से तथ्यपरक रिपोर्टिंग करने में अच्छा अनुभव है।