Sidhi News today: सीधी जिले की दिनभर की 4 बड़ी खबरें, पढ़िए सिर्फ एक क्लिक में

Nov 22, 2026 - 18:31
 0  96
Sidhi News today: सीधी जिले की दिनभर की 4 बड़ी खबरें, पढ़िए सिर्फ एक क्लिक में
Sidhi news:सीधी जिले की दिनभर की चार प्रमुख खबरें।

Sidhi News today: सीधी जिले की दिनभर की 4 बड़ी खबरें, पढ़िए सिर्फ एक क्लिक में

Sidhi News Today: सीधी जिले में मतदाता सूची के पुनरीक्षण के लिए 5 और 6 दिसंबर को विशेष शिविर लगाए जाएंगे। सिरौला की अनु कुशवाहा स्वयं सहायता समूह से जुड़कर लखपति दीदी बनीं। कृषि विभाग ने किसानों से नरवाई नहीं जलाने और पराली का वैज्ञानिक प्रबंधन करने की अपील की है। वहीं, सोन नदी के गऊघाट में झाड़ियों में मिली नवजात बच्ची को स्वास्थ्य में सुधार के बाद 8 दिन पश्चात सतना के शिशु गृह भेज दिया गया है। पढ़िए सीधी जिले की दिनभर की चार प्रमुख खबरें।

1. गऊघाट में लावारिस मिली नवजात बच्ची 8 दिन बाद सतना शिशु गृह भेजी गई

सीधी। जिले के सोन नदी क्षेत्र अंतर्गत गऊघाट में झाड़ियों में मिली लावारिस नवजात बच्ची को आठ दिन बाद सतना स्थित शिशु गृह भेज दिया गया है। बच्ची को जिला अस्पताल सीधी में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा था। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद अब उसकी देखभाल और लालन-पालन की जिम्मेदारी सतना के शिशु गृह को सौंपी गई है। जानकारी के अनुसार, गऊघाट में झाड़ियों में नवजात बच्ची मिलने की सूचना के बाद शिवसेना के प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पांडेय ने बच्ची को सीधी जिला अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया था। अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार शुरू किया गया।

डॉक्टरों की निगरानी में हुआ उपचार

सीधी जिला चिकित्सालय की सिविल सर्जन डॉ. दीपा रानी इसरानी ने बताया कि अस्पताल लाए जाने के समय बच्ची की हालत काफी खराब थी। डॉक्टरों की टीम द्वारा लगातार निगरानी करते हुए उसका उपचार किया गया। उपचार के बाद अब बच्ची का स्वास्थ्य ठीक हो गया है।

सतना शिशु गृह में होगी देखभाल

सिविल सर्जन के अनुसार, बच्ची को बेहतर देखभाल और लालन-पालन के लिए सतना स्थित शिशु गृह भेज दिया गया है। फिलहाल बच्ची के माता-पिता और परिजनों के संबंध में कोई जानकारी सामने नहीं आई है। बच्ची की पहचान और उसके परिजनों का पता नहीं चल पाया है।

2. मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन के लिए 5 एवं 6 दिसंबर को लगेंगे विशेष शिविर

सीधी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार फोटो निर्वाचक नामावली के संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत रविवार को सीधी जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहे और नागरिकों से प्रारूप मतदाता सूची के संबंध में दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की गईं।

शिविरों के दौरान मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने के साथ ही पहले से दर्ज नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन के लिए निर्धारित आवेदन लिए गए। विशेष रूप से पात्र युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रोत्साहित किया गया। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 1 जनवरी 2027 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

5 और 6 दिसंबर को भी लगेंगे शिविर

जिले में आगामी 5 एवं 6 दिसंबर 2026 को भी सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में बीएलओ मौजूद रहकर नागरिकों से दावा-आपत्ति और नाम जोड़ने एवं संशोधन संबंधी आवेदन प्राप्त करेंगे। जिला निर्वाचन कार्यालय ने पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि वे अपने मतदान केंद्र पहुंचकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और आवश्यक संशोधन के लिए आवेदन प्रस्तुत करें।

3. छोटी-छोटी बचत से आत्मनिर्भरता तक का सफर, अनु कुशवाहा बनीं लखपति दीदी

सीधी। मेहनत, बचत और आत्मविश्वास के बल पर ग्रामीण महिलाएं भी आर्थिक आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिख रही हैं। इसकी प्रेरक मिसाल ग्राम सिरौला की निवासी अनु कुशवाहा हैं, जिन्होंने मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़कर छोटी-छोटी बचत से अपने स्वरोजगार का सफर शुरू किया और आज लखपति दीदी बन चुकी हैं। कभी छोटी-छोटी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर रहने वाली अनु आज अपने परिवार की आर्थिक मजबूती का आधार बन गई हैं। स्वयं सहायता समूह से मिली आर्थिक सहायता और मार्गदर्शन ने उन्हें अपना व्यवसाय शुरू करने का हौसला दिया।

10 महिलाओं के साथ बनाया स्वयं सहायता समूह

अनु कुशवाहा ने आजीविका मिशन से जुड़कर गांव की 10 महिलाओं के साथ अनु स्वयं सहायता समूह सिरौला का गठन किया। समूह की नियमित बैठकों और छोटी-छोटी बचत के माध्यम से महिलाओं ने आर्थिक गतिविधियां शुरू कीं। समूह को तीन महीने बाद 20 हजार रुपये की राशि चक्रीय कोष के रूप में प्राप्त हुई। इसके बाद समूह की सीसीएल (कैश क्रेडिट लिमिट) भी स्वीकृत हुई। इस आर्थिक सहयोग से अनु के भीतर स्वयं का व्यवसाय शुरू करने का आत्मविश्वास बढ़ा।

50 हजार के ऋण से शुरू की दुकान

अनु ने 50 हजार रुपये की ऋण राशि लेकर किराना, मनिहारी एवं जनरल स्टोर की दुकान शुरू की। धीरे-धीरे दुकान का व्यवसाय बढ़ने लगा और परिवार की आमदनी में नियमित वृद्धि होने लगी। उनके व्यवसाय की प्रगति और नियमित संचालन को देखते हुए मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक, शाखा खड़ौरा के शाखा प्रबंधक जीवेश कोल ने दुकान का अवलोकन किया। इसके बाद सखी स्वावलंबन योजना के तहत बैंक द्वारा एक लाख रुपये का अतिरिक्त ऋण स्वीकृत किया गया।

प्रतिमाह हो रही 12 से 14 हजार रुपये की आय

अनु ने कुल डेढ़ लाख रुपये की ऋण सहायता से अपने व्यवसाय का विस्तार किया। आज उनकी दुकान में दो लाख रुपये से अधिक का सामान उपलब्ध है। दुकान से उन्हें प्रतिमाह लगभग 12 से 14 हजार रुपये की आमदनी हो रही है। अनु दोनों ऋणों की किस्तें स्वयं नियमित रूप से जमा कर रही हैं। अपनी मेहनत, बचत और उद्यमशीलता के दम पर उन्होंने लखपति दीदी की श्रेणी में स्थान बनाया है। अनु का कहना है कि ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ने के बाद उन्हें आर्थिक सहयोग के साथ स्वयं कुछ करने का आत्मविश्वास भी मिला। वह अन्य महिलाओं को भी स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने, बचत करने और स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं।

4. किसानों के लिए जरूरी खबर: नरवाई जलाने से मिट्टी की उर्वरता होगी प्रभावित, कृषि यंत्रों से करें पराली का प्रबंधन

सीधी। खरीफ फसलों की कटाई के बाद खेतों में बची पराली यानी नरवाई का वैज्ञानिक प्रबंधन मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के लिए बेहद जरूरी है। कृषि विभाग द्वारा किसानों से अपील की गई है कि वे खेतों में नरवाई न जलाएं और उपलब्ध कृषि यंत्रों की मदद से फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करें। पराली जलाने से मिट्टी में मौजूद लाभकारी सूक्ष्मजीव नष्ट होते हैं। इससे भूमि की उर्वरता प्रभावित होने के साथ वायु प्रदूषण भी बढ़ता है। वहीं, वैज्ञानिक तरीके से पराली का प्रबंधन करने पर मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने और खेती की लागत कम करने में मदद मिल सकती है।

सुपर सीडर और हैप्पी सीडर से करें पराली का प्रबंधन

कंबाइन हार्वेस्टर से फसल कटाई के दौरान स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (एसएमएस) का उपयोग करने से पराली खेत में समान रूप से फैल जाती है। इसके बाद सुपर सीडर और हैप्पी सीडर की मदद से पराली हटाए बिना ही अगली फसल की बुवाई की जा सकती है। इस तकनीक से फसल अवशेषों का खेत में ही प्रबंधन हो जाता है और किसानों के समय एवं लागत की बचत होती है।

बेलर मशीन से पराली बेचकर बढ़ाएं आमदनी

किसान राउंड बेलर और स्क्वेयर बेलर मशीन की सहायता से खेतों में बिखरी पराली के बंडल तैयार कर सकते हैं। इन बंडलों का उपयोग सीबीजी प्लांट, बायोमास प्लांट और अन्य औद्योगिक कार्यों में किया जाता है। किसान पराली के इन बंडलों का विक्रय कर अतिरिक्त आमदनी भी प्राप्त कर सकते हैं।

पशुओं के चारे के रूप में भी उपयोगी है पराली

जहां खेतों में फसल की कटाई रीपर अथवा रीपर बाइंडर से की जाती है, वहां प्राप्त भूसे का उपयोग पशुओं के चारे के रूप में किया जा सकता है। इससे फसल अवशेषों का उपयोग पशुपालन में भी किया जा सकता है।

एमपी किसान ऐप से किराये पर लें कृषि यंत्र

किसानों को कृषि यंत्रों की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त करने और उन्हें किराये पर लेने के लिए एमपी किसान ऐप अथवा फार्म सर्विसेज ऐप के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा दी गई है। इन ऐप के जरिए ट्रैक्टर और विभिन्न कृषि यंत्र किराये पर प्राप्त किए जा सकते हैं। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे किसी भी स्थिति में नरवाई न जलाएं। इसके स्थान पर आधुनिक कृषि यंत्रों और वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाएं, ताकि मिट्टी की उर्वरता बनी रहे, पर्यावरण सुरक्षित रहे और खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सके।

Ravi Shukla रवि शुक्ला एक अनुभवी ग्राउंड रिपोर्टर हैं, दैनिक अखबारों और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है.रवि शुक्ला की मुख्य विशेषज्ञता हाइपर लोकल क्राइम, क्षेत्रीय राजनीति, प्रशासनिक,शिक्षा, फैसलों और ग्रामीण विषयों (खेती-किसानी) की ग्राउंड जीरो से तथ्यपरक रिपोर्टिंग करने में अच्छा अनुभव है।