सीधी/मड़वास: कहा सुनी के चलते पति ने पेट्रोल डालकर पत्नी को लगाई आग, महिला रीवा रेफर,आरोपी पति गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के सीधी जिले के मड़वास थाना क्षेत्र के महखोर गांव में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी को आग लगाने का आरोप। 90 प्रतिशत झुलसी रोशनी गुप्ता रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर, आरोपी पति गिरफ्तार।

Oct 9, 2026 - 16:12
 0  537
सीधी/मड़वास: कहा सुनी के चलते पति ने पेट्रोल डालकर पत्नी को लगाई आग, महिला रीवा रेफर,आरोपी पति गिरफ्तार
Sidhi,Madwad: सीधी में पति ने पत्नी को लगाई आग

सीधी/मड़वास: कहा सुनी के चलते पति ने पेट्रोल डालकर पत्नी को लगाई आग, महिला रीवा रेफर,आरोपी पति गिरफ्तार 

सीधी। जिले के मड़वास थाना क्षेत्र अंतर्गत महखोर गांव में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना में 26 वर्षीय रोशनी गुप्ता लगभग 90 प्रतिशत तक झुलस गई। उसे जिला अस्पताल सीधी में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। मामले में पुलिस ने महिला के पति रामजी गुप्ता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी को रिमांड पर लेकर मड़वास पुलिस पूछताछ कर रही है।

मायके जाने को लेकर हुआ विवाद

पीड़िता रोशनी गुप्ता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2017 में रामजी गुप्ता निवासी महखोर के साथ हुई थी। दोनों का सात वर्षीय बेटा है। रोशनी के अनुसार, 7 अक्टूबर को उसकी दादी का निधन हो गया था। वह अंतिम संस्कार में शामिल होने मायके नौगवां गई थी और 8 अक्टूबर को शाम करीब पांच बजे ससुराल लौट आई थी।

पीड़िता के मुताबिक, घटना के दिन शाम करीब सात बजे वह अपने कमरे में लेटी हुई थी, जबकि उसका बेटा पढ़ाई कर रहा था। इसी दौरान पति उसके पास आया और दोबारा मायके नहीं जाने की बात कहने लगा। इस मुद्दे पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

दुकान में पेट्रोल डालकर लगा दी आग

रोशनी के बयान के अनुसार, विवाद के दौरान दोनों दुकान तक पहुंचे, जहां मायके जाने की बात को लेकर फिर विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान पति ने दुकान में रखे डिब्बे से पेट्रोल निकालकर उसके ऊपर छिड़क दिया और माचिस से आग लगा दी।

आग की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से झुलस गई। उसकी चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी छोटई साहू, उनकी पत्नी और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने मदद कर आग बुझाई और आरोपी पति को पकड़ लिया। इसके बाद महिला को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया गया।

 शरीर के कई हिस्से झुलसे, रीवा रेफर

पुलिस को दिए बयान में पीड़िता ने बताया कि आग से उसका गला, सीना, पेट, दोनों हाथों की कलाइयां और उंगलियां झुलस गईं। इसके अलावा कमर से लेकर पैरों तक शरीर के कई हिस्सों में जलने की चोटें आईं। महिला की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, महिला करीब 90 प्रतिशत तक झुलसी है।

 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस अभिलेख के अनुसार, 9 अक्टूबर 2026 की रात करीब 12:45 बजे जिला अस्पताल सीधी के बर्न वार्ड में पीड़िता की प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके आधार पर आरोपी रामजी गुप्ता, पिता रामेश्वर गुप्ता, उम्र 30 वर्ष, निवासी महखोर, थाना मड़वास के खिलाफ मड़वास थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) के तहत प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई की गई। मड़वास पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर आरोपी को जेल भेज दी है।

आपराधिक प्रवृत्ति का था आरोपी  

चर्चा यह भी है आरोपी पति के पूर्व में भी आपराधिक मामलों में शामिल बताया गया है। दावा है कि उसके खिलाफ मड़वास थाने में मारपीट सहित अन्य गंभीर मामलों के करीब दो दर्जन प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई और महिला की स्वास्थ्य स्थिति से जुड़ी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Ravi Shukla रवि शुक्ला एक अनुभवी ग्राउंड रिपोर्टर हैं, दैनिक अखबारों और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है.रवि शुक्ला की मुख्य विशेषज्ञता हाइपर लोकल क्राइम, क्षेत्रीय राजनीति, प्रशासनिक,शिक्षा, फैसलों और ग्रामीण विषयों (खेती-किसानी) की ग्राउंड जीरो से तथ्यपरक रिपोर्टिंग करने में अच्छा अनुभव है।