रक्षाबंधन से पहले दर्दनाक हादसा: बस-ऑटो टक्कर में बहन की मौत, भाई की हालत नाजुक
रक्षाबंधन से पहले दर्दनाक हादसा: बस-ऑटो टक्कर में बहन की मौत, भाई की हालत नाजुक
सीधी।
रक्षाबंधन से ठीक पहले सीधी जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जिसने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। बहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सपही बांध के पास सोमवार को तेज रफ्तार बस और ऑटो की जोरदार भिड़ंत में 10 वर्षीय बालिका की मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
स्कूल जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, ग्राम सपही निवासी सुखेंद्र साकेत के 8 वर्षीय बेटे वस्तिक साकेत और 10 वर्षीय बेटी सगुन साकेत सोमवार सुबह करीब 10 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे। दोनों भाई-बहन एक ऑटो में सवार होकर सरस्वती ज्ञान मंदिर कुबरी जा रहे थे। उसी ऑटो में मलखम गांव की 6 वर्षीय सुरभि साकेत भी सवार थी।
बस के टक्कर से ऑटो चकनाचूर
मिली जानकारी के मुताबिक पोखरा से सीधी की ओर आ रही पवन कोच बस ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में तीनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को निजी वाहनों से जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया।
इलाज के दौरान बहन ने तोड़ा दम
अस्पताल में इलाज के दौरान सगुन साकेत ने दम तोड़ दिया, जबकि उसका भाई वस्तिक साकेत गंभीर हालत में भर्ती है और बेहोशी की स्थिति में है। तीसरी बच्ची सुरभि साकेत को मामूली चोटें आई हैं और उसका इलाज जारी है।
परिवार में मातम का माहौल
बेटी की मौत और बेटे की नाजुक हालत की खबर मिलते ही पिता सुखेंद्र साकेत सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। रक्षाबंधन जैसे पावन पर्व से पहले हुए इस हादसे ने पूरे गांव में मातम पसर गया है है।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बस को कब्जे में ले लिया गया है। खबर यह भी है कि हादसे के बाद बस चालक और ऑटो चालक मौके से फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?