रील्स में सोना और कैश दिखाना पड़ा भारी, यूट्यूबर के घर से 944 ग्राम सोना चोरी

Sep 27, 2026 - 20:48
 0  33
रील्स में सोना और कैश दिखाना पड़ा भारी, यूट्यूबर के घर से 944 ग्राम सोना चोरी
YouTuber Gold Theft: रील्स में सोना-नकदी दिखाना पड़ा भारी

रील्स में सोना और कैश दिखाना पड़ा भारी, यूट्यूबर के घर से 944 ग्राम सोना चोरी

कन्याकुमारी। सोशल मीडिया पर व्यूज और लाइक्स के लिए सोने के आभूषण और नकदी का प्रदर्शन करना तमिलनाडु के कन्याकुमारी जिले में एक यूट्यूबर को भारी पड़ गया। नागरकोइल के पास थम्पाथुकोनम स्थित वीआईपी गार्डन इलाके में रहने वाले यूट्यूबर विनोद कुमार के घर में रात के समय चोरों ने धावा बोल दिया। चोर घर से करीब 118 सवरेन यानी लगभग 944 ग्राम सोना और नकदी चोरी कर फरार हो गए।

पिछला दरवाजा तोड़कर घर में घुसे चोर

जानकारी के अनुसार, यूट्यूबर विनोद कुमार अपनी पत्नी मधुमिता के साथ घर में रहते हैं। रात में परिवार के सोने के दौरान अज्ञात चोरों ने घर के पिछले दरवाजे को तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद चोरों ने घर में रखे सोने के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया और मौके से फरार हो गए।सुबह जब परिवार को चोरी की जानकारी हुई तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई। बड़ी मात्रा में सोना और नकदी चोरी होने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगाले

चोरी की सूचना मिलते ही राजाक्कमंगलम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट समेत अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके।

सोशल मीडिया पोस्ट भी जांच के दायरे में

पुलिस की जांच में यूट्यूबर के सोशल मीडिया अकाउंट भी सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि विनोद कुमार और उनकी पत्नी अपने वीडियो और रील्स में सोने के आभूषण तथा नकदी दिखाते थे। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि क्या चोरों को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए घर में मौजूद कीमती सामान की जानकारी मिली थी।

हालांकि, सोशल मीडिया पोस्ट को चोरी की वजह मानने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।

सोशल मीडिया पर सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर चर्चा शुरू हो गई है। लोग सार्वजनिक प्लेटफॉर्म पर घर में मौजूद महंगे सामान, नकदी और आभूषणों की जानकारी साझा करने को लेकर सावधानी बरतने की बात कह रहे हैं। इस घटना ने सोशल मीडिया पर निजी संपत्ति का प्रदर्शन करने से जुड़े सुरक्षा जोखिमों को भी सामने ला दिया है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Ravi Shukla रवि शुक्ला एक अनुभवी ग्राउंड रिपोर्टर हैं, दैनिक अखबारों और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है.रवि शुक्ला की मुख्य विशेषज्ञता हाइपर लोकल क्राइम, क्षेत्रीय राजनीति, प्रशासनिक,शिक्षा, फैसलों और ग्रामीण विषयों (खेती-किसानी) की ग्राउंड जीरो से तथ्यपरक रिपोर्टिंग करने में अच्छा अनुभव है।