मझौली में अनियंत्रित होकर पलटी यात्री बस, सड़क से नीचे गिरी, 25-30 यात्री थे सवार

Sep 26, 2026 - 14:49
 0  445
मझौली में अनियंत्रित होकर पलटी यात्री बस, सड़क से नीचे गिरी, 25-30 यात्री थे सवार
Sidhi,Majhouli Bus Accident

मझौली में अनियंत्रित होकर पलटी यात्री बस, सड़क से नीचे गिरी, 25-30 यात्री थे सवार

मझौली।

सीधी जिले के मझौली थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। पांड-छांदा के पास करीब सुबह 4 बजे सूरत से अमिलिया जा रही यात्री बस (क्रमांक MP 18 PO 452) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। बस में करीब 25 से 30 यात्री सवार बताए जा रहे हैं।

हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और यात्रियों को बस से बाहर निकाला। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इस दुर्घटना में किसी बड़ी जनहानि की खबर नहीं है, हालांकि कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं।

पहले भी हो चुकी हैं पत्थरबाजी की घटनाएं

मीडिया रिपोर्ट की माने तो पांड-छांदा क्षेत्र में चलते वाहनों पर पत्थरबाजी की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। कुछ दिन पहले एक ही रात में तीन वाहनों पर पत्थर फेंके जाने की बात कही गई थी, जिसमें कुछ लोग घायल हुए थे। हालांकि, इस बस हादसे का उन घटनाओं से कोई सीधा संबंध है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

जांच के बाद ही सामने आएगी वजह

बस के अनियंत्रित होकर पलटने के पीछे का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। बताया जा रहा है कि घटना के समय बस का कोई स्टाफ मौके पर मौजूद नहीं मिला। वहीं, कुछ अराजक तत्वों के बस में प्रवेश करने की जानकारी भी सामने आई है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का जल्द खुलासा होने की संभावना है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Ravi Shukla रवि शुक्ला एक अनुभवी ग्राउंड रिपोर्टर हैं, दैनिक अखबारों और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है.रवि शुक्ला की मुख्य विशेषज्ञता हाइपर लोकल क्राइम, क्षेत्रीय राजनीति, प्रशासनिक,शिक्षा, फैसलों और ग्रामीण विषयों (खेती-किसानी) की ग्राउंड जीरो से तथ्यपरक रिपोर्टिंग करने में अच्छा अनुभव है।