MP कर्मचारियों के लिए खुशखबरी ! 7.5 लाख कर्मचारियों के सैलरी में होगा इजाफा,जानिए कितना होगा फायदा
MP कर्मचारियों के लिए खुशखबरी ! 7.5 लाख कर्मचारियों के सैलरी में होगा इजाफा,जानिए कितना होगा फायदा
भोपाल। मध्य प्रदेश के करीब साढ़े सात लाख शासकीय कर्मचारियों के लिए इस बार की दिवाली खुशखबरी लेकर आ सकती है। राज्य सरकार कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में 2 फीसदी की बढ़ोतरी करने की तैयारी में है। यदि यह फैसला लागू होता है, तो कर्मचारियों को बढ़े हुए डीए का लाभ नवंबर महीने के वेतन में मिल सकता है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार 15 अक्टूबर के बाद इस संबंध में आधिकारिक घोषणा कर सकती है। खास बात यह है कि यह बढ़ोतरी 1 जनवरी से प्रभावी मानी जा रही है, ऐसे में कर्मचारियों को 10 महीने का एरियर भी मिल सकता है, जो दिवाली पर बड़ा आर्थिक सहारा बनेगा।
58% से बढ़कर 60% होगा डीए
वर्तमान में मध्य प्रदेश के कर्मचारियों को 58 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता मिल रहा है। प्रस्तावित 2 फीसदी वृद्धि के बाद यह बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगा। इस निर्णय से राज्य सरकार पर हर महीने करीब 82 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ आएगा, जबकि जनवरी से अक्टूबर तक का एरियर देने पर लगभग 820 करोड़ रुपये का खर्च अनुमानित है।
किसे कितना फायदा?
डीए बढ़ने से सभी वर्गों के कर्मचारियों की सैलरी में बढ़ोतरी होगी। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को लगभग 600 रुपये प्रति माह का लाभ मिल सकता है। वहीं तृतीय श्रेणी कर्मचारियों की सैलरी में 800 से 1000 रुपये तक की वृद्धि संभावित है। अधिकारी वर्ग के कर्मचारियों को 1400 से 2000 रुपये तक का फायदा होगा, जबकि वरिष्ठ अधिकारियों के वेतन में 3500 से 4000 रुपये तक का इजाफा हो सकता है।
केंद्रीय कर्मचारियों पर भी नजर
राज्य कर्मचारियों के साथ-साथ केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते पर भी सभी की नजरें टिकी हुई हैं। केंद्र सरकार के कर्मचारियों का डीए 1 जुलाई से लंबित है और इसमें करीब 3 फीसदी बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल, मध्य प्रदेश के कर्मचारी दिवाली से पहले मिलने वाले इस संभावित तोहफे का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
Source: नईदुनिया
What's Your Reaction?