पत्रकारों के खिलाफ आपत्तिजनक गाली देना पड़ा महंगा, बघेली कलाकार अविनाश तिवारी पर FIR दर्ज,ऑडियो वायरल
पत्रकारों के खिलाफ आपत्तिजनक गाली देना पड़ा महंगा, बघेली कलाकार अविनाश तिवारी पर FIR दर्ज,ऑडियो वायरल
रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा में पत्रकारों के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी वाला ऑडियो वायरल होने के मामले में सिविल लाइंस थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। शिकायतकर्ता अर्पित पांडेय सहित कई पत्रकारों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 296(b) और 352 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कनोडिया पेट्रोल पंप के पास पत्रकारों को मिली ऑडियो की जानकारी
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 12 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे अर्पित पांडेय और उनके पत्रकार साथी कनोडिया पेट्रोल पंप के बगल वाली सड़क पर खड़े थे। इसी दौरान उन्हें एक ऑडियो की जानकारी मिली। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि यह ऑडियो बघेली कलाकार अविनाश तिवारी द्वारा जारी किया गया था, जिसमें पत्रकारों के संबंध में कथित तौर पर आपत्तिजनक और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया गया।
पत्रकारों को अपमानित करने का लगाया आरोप
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि ऑडियो में पत्रकारों को अलग-अलग श्रेणियों में बांटते हुए उनकी शिक्षा, व्यवहार और खबरों को लेकर टिप्पणी की गई। आरोप है कि इसमें पत्रकारों पर जानबूझकर नकारात्मक खबरें चलाने की बात भी कही गई। शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, इस तरह की टिप्पणियों से स्थानीय पत्रकारों को अपमानित महसूस हुआ।
इस मामले में अर्पित पांडेय के साथ विकास सिंह बघेल, अमर मिश्रा, रहीम खान, दिनेश दाहिया, गोविंद सिंह बघेल, शादाब सिद्दीकी, अजय मिश्रा, राजेश मिश्रा, अनिल तिवारी, संतोष श्रीवास्तव, प्रकाश सिंह बघेल, राजीव पांडेय, उमेश सिंह, राकेश सोनी, अभिषेक तिवारी और ऋषभ पांडेय सहित अन्य पत्रकारों के शिकायत में शामिल होने का उल्लेख है।
BNS की दो धाराओं में मामला दर्ज, जांच जारी
शिकायत के आधार पर सिविल लाइंस थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(b) और 352 के तहत एफआईआर दर्ज की है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल रामराज चतुर्वेदी को सौंपी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। ऑडियो की सामग्री, उसके जारी होने और वायरल होने से जुड़े तथ्यों की पुष्टि जांच के दौरान की जाएगी। मामले में संबंधित पक्ष का आधिकारिक बयान उपलब्ध होने पर खबर के माध्यम से आपको जानकारी दी जाएगी ।
What's Your Reaction?