मड़वास ग्राम पंचायत की पहल: अब शहरों जैसी सफाई व्यवस्था, कचरा वाहन से शुरू हुआ कचरा संग्रहण
मड़वास ग्राम पंचायत की पहल: अब शहरों जैसी सफाई व्यवस्था, कचरा वाहन से शुरू हुआ कचरा संग्रहण
मझौली । जनपद पंचायत मझौली अंतर्गत ग्राम पंचायत मड़वास में स्वच्छता और साफ-सफाई को लेकर सराहनीय पहल आज से शुरू की गई है। अब मड़वास बाजार में कचरा वाहन के माध्यम से नियमित रूप से साफ-सफाई कर कचरे का संग्रहण किया जा रहा है। ग्राम पंचायत की इस पहल से बाजार क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में कदम उठाया गया है।
ग्राम पंचायत मड़वास की सरपंच लक्ष्मी रामभजन जायसवाल के पहल से शुरू हुई इस व्यवस्था के तहत कचरा वाहन पूरे बाजार क्षेत्र में पहुंचकर दुकानों और सार्वजनिक स्थानों से कचरा एकत्रित कर रहा है। इससे बाजार में जगह-जगह कचरा जमा होने की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। अब मड़वास ग्राम पंचायत में भी शहरों की तर्ज पर कचरा संग्रहण और साफ-सफाई की सुविधा उपलब्ध होने लगी है।
ग्राम पंचायत की इस पहल को लेकर स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि स्वच्छता व्यवस्था शुरू होने से बाजार का वातावरण साफ-सुथरा रहेगा और गंदगी से होने वाली परेशानियों में कमी आएगी।
ग्रामीणों ने पंचायत की इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि सफाई व्यवस्था निरंतर जारी रहेगी और मड़वास बाजार स्वच्छ एवं सुंदर बनेगा। ग्राम पंचायत की यह पहल अन्य पंचायतों के लिए भी प्रेरणादायक साबित हो सकती है।