मड़वास पंचायत में मंगलवार को होगी जनसुनवाई, SDM आकाश अग्रवाल सुनेंगे ग्रामीणों की समस्याएं
सीधी जिले की ग्राम पंचायत मड़वास में मंगलवार को सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक जनसुनवाई होगी। मझौली SDM आकाश अग्रवाल ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर निराकरण के निर्देश देंगे।
मड़वास पंचायत में मंगलवार को होगी जनसुनवाई, SDM आकाश अग्रवाल सुनेंगे ग्रामीणों की समस्याएं
मझौली। ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और प्रशासन को आमजन के और अधिक करीब पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को ग्राम पंचायत मड़वास में खंड स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया जाएगा। जनसुनवाई में मझौली एसडीएम आकाश अग्रवाल क्षेत्र के ग्रामीणों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनेंगे। साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।
उल्लेखनीय है कि जिले में जिला मुख्यालय के साथ-साथ सभी विकासखंडों में प्रत्येक मंगलवार नियमित रूप से सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक जनसुनवाई आयोजित की जा रही है। कलेक्टर विकास मिश्रा की पहल पर यह व्यवस्था लागू की गई है, जिसके तहत वे प्रत्येक मंगलवार अलग-अलग विकासखंडों में पहुंचकर जनसुनवाई में शामिल होते हैं और नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुनते हैं।
इसी क्रम में कलेक्टर के निर्देशन में उपखंड मझौली के ग्राम पंचायत मड़वास में मंगलवार को जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी जाएंगी तथा उनके निराकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं और शिकायतों के निराकरण के लिए जिला मुख्यालय तक आने की परेशानी से बचाना है, ताकि उन्हें स्थानीय स्तर पर ही प्रशासन तक अपनी बात पहुंचाने का अवसर मिल सके। प्रशासन ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन लेकर मंगलवार को सुबह 11 बजे से ग्राम पंचायत भवन मड़वास पहुंचें और जनसुनवाई का लाभ उठाएं।