महखोर पेट्रोल कांड: रोशनी गुप्ता की मौत के बाद थाना प्रभारी और नायब तहसीलदार के मौजूदगी में हुआ दाह संस्कार,VIDEO

Sidhi News: सीधी के महखोर में पेट्रोल से झुलसी रोशनी गुप्ता की रीवा अस्पताल में मौत हो गई। दाह संस्कार को लेकर मायके और ससुराल पक्ष में विवाद हुआ। थाना प्रभारी और नायब तहसीलदार की समझाइश के बाद अंतिम संस्कार किया गया।

Oct 17, 2026 - 19:31
 0  123

महखोर पेट्रोल कांड: रोशनी गुप्ता की मौत के बाद थाना प्रभारी और नायब तहसीलदार के मौजूदगी में हुआ दाह संस्कार , VIDEO 

मड़वास। सीधी जिले के मड़वास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम महखोर में पेट्रोल से गंभीर रूप से झुलसी रोशनी गुप्ता की उपचार के दौरान 16 अक्टूबर को संजय गांधी अस्पताल, रीवा में मौत हो गई। महिला की मौत के बाद दाह संस्कार को लेकर मायके और ससुराल पक्ष के बीच विवाद की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी भूपेश वैस और नायब तहसीलदार उपेंद्र द्विवेदी ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाइश दी। इसके बाद सहमति बनने पर 17 अक्टूबर को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार अंतिम संस्कार किया गया।

 8 अक्टूबर को पेट्रोल से झुलसी थी महिला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 8 अक्टूबर को रोशनी गुप्ता, पति रामजी गुप्ता, पेट्रोल से गंभीर रूप से झुलस गई थीं। उन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय सीधी में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें संजय गांधी अस्पताल, रीवा रेफर कर दिया, जहां करीब एक सप्ताह तक उनका उपचार चला। उपचार के दौरान 16 अक्टूबर को उनकी मौत हो गई। पुलिस को दिए गए बयान में रोशनी ने अपने पति पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप लगाया था। इस मामले में मड़वास पुलिस ने आरोपी रामजी गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

अंतिम संस्कार को लेकर दोनों पक्षों में विवाद

रोशनी की मौत के बाद मायके पक्ष के परिजनों ने ससुराल पक्ष के प्रति नाराजगी जताई। इसी बीच अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। ससुराल पक्ष का कहना था कि रोशनी का पति जेल में है, इसलिए उनका आठ वर्षीय पुत्र अंतिम संस्कार कर सकता है। हालांकि, बच्चा अपने नाना-नानी के पास था। उसे महखोर लाने और अंतिम संस्कार की व्यवस्था को लेकर दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन पा रही थी।

थाना प्रभारी और नायब तहसीलदार की समझाइश के बाद अंतिम संस्कार

16 अक्टूबर से चल रहे विवाद का 17 अक्टूबर को समाधान हुआ। थाना प्रभारी मड़वास भूपेश वैस और नायब तहसीलदार उपेंद्र द्विवेदी ने दोनों पक्षों से चर्चा कर उन्हें समझाइश दी। अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी, जिसके बाद रोशनी गुप्ता के जेठ के बड़े पुत्र ने उनका अंतिम संस्कार किया। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कराई गई।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Ravi Shukla रवि शुक्ला एक अनुभवी ग्राउंड रिपोर्टर हैं, दैनिक अखबारों और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है.रवि शुक्ला की मुख्य विशेषज्ञता हाइपर लोकल क्राइम, क्षेत्रीय राजनीति, प्रशासनिक,शिक्षा, फैसलों और ग्रामीण विषयों (खेती-किसानी) की ग्राउंड जीरो से तथ्यपरक रिपोर्टिंग करने में अच्छा अनुभव है।