Rewa Sidhi Bus Accident:- रीवा सीधी बस हादसा: 5 की मौत, 21 घायल; CM डॉ. मोहन यादव ने जताया दुख, यहां देखें घायलों की लिस्ट
रीवा-सीधी बस हादसा: 5 की मौत, 21 घायल; CM डॉ. मोहन यादव ने जताया दुख, यहां देखें घायलों की लिस्ट
Rewa Sidhi Bus Accident:
रीवा। नेशनल हाईवे-39 पर रीवा-सीधी मार्ग में बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसा गुढ़ थाना क्षेत्र के बदवार स्टैंड के पास शाम करीब 5 बजे हुआ, जहां रीवा से सीधी जा रही यात्री बस (एमपी 29 पी 1501) और एक तेज रफ्तार बलकर (टैंकर) के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब 7 फीट गहरी खाई में जा गिरी। बारिश के कारण सड़क पर फिसलन भी हादसे की एक बड़ी वजह बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। राज्य सरकार की ओर से तत्काल राहत की घोषणा करते हुए— मृतकों के परिजनों को ₹2-2 लाख की आर्थिक सहायता, गंभीर घायलों को ₹1-1 लाख की मदद सभी घायलों का निःशुल्क और समुचित इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देशित किया है कि घायलों का इलाज संजय गांधी अस्पताल रीवा और मेडिकल कॉलेज में प्राथमिकता से कराया जाए।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, गंभीर घायलों का ICU में इलाज
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, एसपी डॉ. गुरकरण सिंह, एसडीएम सुधाकर सिंह सहित अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।जेसीबी की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायलों को बाहर निकाला गया। घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुढ़ ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति वाले मरीजों को रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। तीन घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें ICU में भर्ती किया गया है।
घायलों की सूची
हादसे में घायल यात्रियों में प्रमुख रूप से— सुजीत कुमार गुप्ता, अनिल साकेत (26), मनवसुआ साकेत (50), सबीना बेगम, रामपाल पटेल, आंजली पटेल, ब्रिजेन्द्र कुमार पटेल, रमेश (32), मोहम्मद अंसारी (35), शिवानी पटेल (19), मो. इरशाद रजा (18), मो. इब्राहिम (32), संजू पटेल (28), श्याम बाबू, पुनीत शुक्ला (32), गीता पटेल, धीरज (12) सहित अन्य शामिल हैं।
बस की फिटनेस और परमिट की होगी जांच
हादसे के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बस के सभी दस्तावेजों की जांच के आदेश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा है कि वाहन की फिटनेस, बीमा, ओवरलोडिंग और परमिट की गहन जांच कराई जाएगी। वहीं, स्थानीय जनप्रतिनिधि और सांसद जनार्दन मिश्रा तथा विधायक नागेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया.फिलहाल प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा है और घायलों के बेहतर इलाज के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
What's Your Reaction?