मझौली में युवा कांग्रेस का एसडीएम कार्यालय पर हल्लाबोल, वाटर कैनन से रोका गया प्रदर्शन

Nov 14, 2026 - 09:19
 0  56
मझौली में युवा कांग्रेस का एसडीएम कार्यालय पर हल्लाबोल, वाटर कैनन से रोका गया प्रदर्शन
मझौली में युवा कांग्रेस का एसडीएम कार्यालय पर हल्लाबोल

मझौली में युवा कांग्रेस का एसडीएम कार्यालय पर हल्लाबोल, वाटर कैनन से रोका गया प्रदर्शन

मझौली। स्थानीय समस्याओं और जनहित के मुद्दों को लेकर शुक्रवार, 13 नवंबर को युवा कांग्रेस विधानसभा क्षेत्र धौहनी ने मझौली एसडीएम कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया। इस बीच प्रदर्शनकारियों द्वारा बैरिकेडिंग हटाने की कोशिश किए जाने पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बाद पुलिस ने युवा कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष अभिषेक सिंह (सनी) सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं और नेताओं को डिटेन कर थाने पहुंचाया।

युवा कांग्रेस का यह प्रदर्शन मुख्य रूप से मझौली क्षेत्र की बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं और मझौली महाविद्यालय का परीक्षा केंद्र सीधी स्थानांतरित किए जाने के विरोध में आयोजित किया गया था। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। वहीं, महाविद्यालय का परीक्षा केंद्र सीधी किए जाने से गरीब, मजदूर और ग्रामीण परिवारों के विद्यार्थियों को परीक्षा देने के लिए अतिरिक्त शारीरिक, मानसिक और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

 पूर्व सूचना देकर मांगी गई थी अनुमति

युवा कांग्रेस विधानसभा क्षेत्र धौहनी के अध्यक्ष द्वारा इन स्थानीय मुद्दों को लेकर पूर्व में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मझौली को पत्र सौंपा गया था। पत्र में समस्याओं का उल्लेख करते हुए आंदोलन की रूपरेखा भी बताई गई थी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 13 नवंबर को ताला पेट्रोल पंप से मझौली पत्ता गोदाम तक बाइक रैली निकालने, वहां आमसभा करने और इसके बाद पैदल रैली के रूप में एसडीएम कार्यालय पहुंचकर घेराव करने की योजना बनाई गई थी। इसके लिए प्रशासन से अनुमति भी मांगी गई थी।

 बैरिकेडिंग के सामने आमने-सामने आए प्रदर्शनकारी और पुलिस

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत दोपहर करीब एक बजे सैकड़ों की संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता तहसील कार्यालय के पास पहुंचे। प्रशासन ने पहले से ही एसडीएम कार्यालय के बाहर बैरिकेडिंग कर भारी पुलिस बल तैनात कर रखा था। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग हटाकर आगे बढ़ने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इस कार्रवाई के बाद मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई और प्रदर्शनकारियों ने जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी।

 प्रशासन और क्षेत्रीय विधायक के खिलाफ लगाए मुर्दाबाद के नारे

पुलिस द्वारा वाटर कैनन का इस्तेमाल किए जाने और प्रदर्शनकारियों को डिटेन करने की कार्रवाई से कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। उन्होंने स्थानीय प्रशासन के साथ क्षेत्रीय विधायक के खिलाफ भी मुर्दाबाद के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं पर जिम्मेदारों द्वारा अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिसके चलते उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।

प्रशासन ने पहले से कर रखी थी सुरक्षा व्यवस्था

युवा कांग्रेस की ओर से आंदोलन की पूर्व सूचना दिए जाने के बाद स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। एसडीएम कार्यालय के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। इसके अलावा नजदीकी थानों के थाना प्रभारियों सहित पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई थी, ताकि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति बनी रहे।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने युवा कांग्रेस विधानसभा क्षेत्र धौहनी के अध्यक्ष अभिषेक सिंह (सनी), हर्षित शुक्ला, कनक ठाकुर सहित दर्जनों नेताओं और कार्यकर्ताओं को डिटेन कर थाने पहुंचाया। पुलिस की इस कार्रवाई के विरोध में अन्य कार्यकर्ता भी थाने पहुंच गए और वहां जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध जताया।

 थाने में भी जारी रहा विरोध प्रदर्शन

एसडीएम कार्यालय से नेताओं को डिटेन कर थाने ले जाने के बाद युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश कम नहीं हुआ। कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ नारेबाजी की। स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार और महाविद्यालय का परीक्षा केंद्र मझौली में ही बहाल करने की मांग को लेकर शुरू हुआ यह आंदोलन प्रशासनिक व्यवस्था और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधित्व को लेकर भी विरोध का रूप लेता नजर आया।

Ravi Shukla रवि शुक्ला एक अनुभवी ग्राउंड रिपोर्टर हैं, दैनिक अखबारों और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है.रवि शुक्ला की मुख्य विशेषज्ञता हाइपर लोकल क्राइम, क्षेत्रीय राजनीति, प्रशासनिक,शिक्षा, फैसलों और ग्रामीण विषयों (खेती-किसानी) की ग्राउंड जीरो से तथ्यपरक रिपोर्टिंग करने में अच्छा अनुभव है।