Sidhi News: गर्भवती महिलाओं को संभावित प्रसव तिथि से 15 दिन पूर्व अस्पताल में भर्ती कराने की अपील
Sidhi News: गर्भवती महिलाओं को संभावित प्रसव तिथि से 15 दिन पूर्व अस्पताल में भर्ती कराने की अपील
आशा कार्यकर्ताओं को रक्षाबंधन की बधाई देते हुए सीएमएचओ ने दिए सुरक्षित प्रसव के संबंध में निर्देश
सीधी
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार खरे ने जिले की समस्त आशा कार्यकर्ताओं को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए गर्भवती महिलाओं के सुरक्षित प्रसव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं को प्रसव पीड़ा का इंतजार न कराते हुए चिकित्सकीय सलाह के अनुसार संभावित प्रसव तिथि (EDD) से 15 दिन पूर्व अस्पताल में भर्ती कराना सुनिश्चित किया जाए
सीएमएचओ ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी एवं उन्हें समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण है। विशेषकर ऐसे गांवों में, जहां स्वास्थ्य संस्थाएं आसानी से उपलब्ध नहीं हैं, आशा कार्यकर्ता गर्भवती महिलाओं को समय पर आवश्यक चिकित्सकीय सेवाओं से जोड़ने का कार्य करती हैं.उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि गर्भवती महिलाओं की नियमित रूप से निगरानी करें तथा उन्हें निर्धारित समय पर एएनएम, सीएचओ, मेडिकल ऑफिसर एवं स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ से जांच कराने के लिए प्रेरित करें। जांच के दौरान चिकित्सकों द्वारा दी गई सलाह के अनुसार प्रसव के लिए समय पर अस्पताल में भर्ती कराना सुनिश्चित किया जाए.डॉ. खरे ने कहा कि प्रसव के दौरान संभावित जोखिमों को कम करने के लिए समय पर संस्थागत प्रसव अत्यंत महत्वपूर्ण है। विशेष रूप से हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं को चिन्हित कर उनकी समय-पूर्व भर्ती एवं आवश्यक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.
उन्होंने कहा कि “रक्षाबंधन के अवसर पर सभी आशा बहनों को शुभकामनाएं। गर्भवती बहनों की सुरक्षित प्रसव के लिए समय पर अस्पताल में भर्ती सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।” स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी विकासखंडों की आशा कार्यकर्ताओं को गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी, हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं के चिन्हांकन तथा समय पर संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
What's Your Reaction?