सीधी में अतिथि शिक्षकों की अनियमित नियुक्तियां निरस्त, मेरिट के आधार पर नए आवेदकों को मिलेगा अवसर
सीधी जिले में अनियमित नियुक्तियों की शिकायत पर मझौली, सिहावल और सीधी के 7 स्कूलों में अतिथि शिक्षकों की सेवाएं निरस्त। अब मेरिट सूची के आधार पर पात्र आवेदकों को मिलेगा अवसर।
सीधी में अतिथि शिक्षकों की अनियमित नियुक्तियां निरस्त, मेरिट के आधार पर नए आवेदकों को मिलेगा अवसर
सीधी। अतिथि शिक्षकों के आमंत्रण, ज्वाइनिंग एवं मानदेय भुगतान में अनियमितताओं से संबंधित शिकायतों की जांच के बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए विकासखंड मझौली, सिहावल एवं सीधी के सात विद्यालयों में नियोजित अतिथि शिक्षकों की सेवाएं तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी हैं। संबंधित शाला प्रभारियों एवं संकुल प्राचार्यों को मेरिट सूची के आधार पर पात्र आवेदकों को अवसर देने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अगस्त-सितंबर 2026 के दौरान सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं अन्य माध्यमों से अतिथि शिक्षकों के आमंत्रण, ज्वाइनिंग और मानदेय भुगतान से संबंधित बड़ी संख्या में शिकायतें प्राप्त हुई थीं। कलेक्टर विकास मिश्रा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सीधी के निर्देश पर मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत इन शिकायतों का परीक्षण कर त्वरित निराकरण की कार्रवाई की गई।
इस संबंध में 18 सितंबर 2026 को आठ सदस्यीय जिला स्तरीय समिति गठित की गई थी। समिति ने 23 एवं 24 सितंबर को संबंधित संस्था प्रमुखों तथा शिकायतकर्ताओं की उपस्थिति में शिकायतों और प्रस्तुत अभिलेखों का परीक्षण किया। जांच में प्रथम दृष्टया पाया गया कि लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश, भोपाल के 24 अगस्त 2026 के निर्देशों की कंडिका 1.3 के अनुरूप कार्रवाई नहीं की गई। विकासखंड पैनल की मेरिट सूची में अधिक स्कोर वाले ऐसे आवेदकों को अवसर नहीं दिया गया, जिन्हें किसी विद्यालय में अतिथि शिक्षक के रूप में आमंत्रित नहीं किया गया था। इसके स्थान पर कम स्कोर वाले आवेदकों को आमंत्रित कर नियोजित किया गया।
जारी आदेश के अनुसार, विकासखंड मझौली के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नौढ़िया, सिहावल के शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय खेतौही, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पोखरा, शासकीय प्राथमिक शाला समरदह एवं शासकीय माध्यमिक शाला कन्या सोनवर्षा तथा सीधी के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरम्बाबा एवं शासकीय प्राथमिक शाला करहीखूट में संबंधित अतिथि शिक्षकों की सेवाएं निरस्त की गई हैं।
संबंधित शाला प्रभारियों एवं संकुल प्राचार्यों को निर्देश दिए गए हैं कि निरस्त किए गए अतिथि शिक्षकों को पोर्टल से तत्काल पृथक कर विकासखंड पैनल की मेरिट सूची में उपलब्ध उच्चतम स्कोर वाले आवेदक को नियमानुसार अवसर प्रदान करें। नियोजन संबंधी कार्रवाई का विवरण जिला स्तरीय समिति से अनुमोदित कराना भी अनिवार्य किया गया है।
आदेश में यह भी निर्देशित किया गया है कि पूर्व में नियोजित अतिथि शिक्षकों द्वारा दी गई सेवाओं की अवधि का मानदेय संबंधित शाला प्रभारी अपने वेतन से भुगतान करेंगे। भुगतान नहीं किए जाने की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। शिकायतकर्ताओं से संपर्क कर कार्रवाई की जानकारी देने तथा आगामी दो दिवस के भीतर शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। अन्य विकासखंडों में अतिथि शिक्षकों से संबंधित शेष शिकायतों पर भी अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?