सीधी में दो दिवसीय निःशुल्क कैंसर जांच शिविर संपन्न, 83 संभावित मरीज चिन्हित, होगा निःशुल्क उपचार
सीधी में दो दिवसीय निःशुल्क कैंसर जांच शिविर संपन्न, 83 संभावित मरीज चिन्हित, होगा निःशुल्क उपचार
सीधी
कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देशानुसार जिला प्रशासन एवं शैल्बी हॉस्पिटल जबलपुर के संयुक्त तत्वावधान में जिला चिकित्सालय सीधी में 22 एवं 23 अगस्त को दो दिवसीय निःशुल्क कैंसर जांच एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर के प्रथम दिवस का शुभारंभ विधायक सीधी रीती पाठक तथा द्वितीय दिवस का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह ने किया।
शिविर में 350 से अधिक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें 189 मरीजों की विशेष कैंसर स्क्रीनिंग की गई, जिसमें 83 मरीजों को संभावित कैंसर के लक्षणों के आधार पर चिन्हित किया गया। शिविर में कैंसर के शुरुआती लक्षणों की पहचान, समय पर जांच और उपचार के महत्व के संबंध में मरीजों को जागरूक किया गया।
ऑन्को सर्जन डॉ. प्रशांत जैन एवं कैंसर विशेषज्ञ डॉ. संजय जैन तथा डॉ. अंकित जैन ने मरीजों की स्क्रीनिंग एवं जांच की। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार खरे के निर्देशानुसार जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ. एस.बी. खरे के मार्गदर्शन में डॉ. हिमेश पाठक, डॉ. आशीष विवेक भारती, डॉ. हरिओम सिंह एवं डॉ. सुनीता तिवारी ने शिविर के संचालन में सहयोग किया।
जिला प्रशासन की ओर से डिप्टी कलेक्टर स्वर्णा दीवान ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं एवं संचालन की सतत निगरानी की। पंचायत एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से बड़ी संख्या में महिलाओं को भी शिविर में शामिल किया गया। मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए दीनदयाल रसोई में भोजन की व्यवस्था की गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार खरे ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य कैंसर के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और प्रारंभिक अवस्था में ही बीमारी की पहचान करना था। चिन्हित 83 मरीजों को शैल्बी हॉस्पिटल जबलपुर में आगे की जांच एवं उपचार के लिए बुलाया गया है। उन्होंने मरीजों से समग्र आईडी, आधार कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड साथ लेकर आने की अपील की, ताकि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र मरीजों को निःशुल्क उपचार का लाभ मिल सके।
उन्होंने महिलाओं से विशेष रूप से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराने का आग्रह किया। शैल्बी हॉस्पिटल प्रबंधन द्वारा चिन्हित मरीजों को आयुष्मान भारत योजना के तहत निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा कैंसर की समय पर पहचान और उपचार को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आगामी दिनों में ग्रामीण क्षेत्रों में भी ऐसे स्क्रीनिंग एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे।
What's Your Reaction?