खबर प्रकाशन के बाद हरकत आया में प्रशासन, जांच में भदौरा पंचायत के चबूतरा निर्माण की खुली पोल
सीधी के कुसमी जनपद की भदौरा पंचायत में चबूतरा निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने के बाद प्रशासन ने जांच की। रिपोर्ट में मिट्टी के ऊपर कंक्रीट कार्य मिलने पर सतह हटाकर निर्धारित मापदंडों से निर्माण के निर्देश दिए गए।
खबर प्रकाशन के बाद हरकत आया में प्रशासन, जांच में भदौरा पंचायत के चबूतरा निर्माण की खुली पोल
कुसमी
सीधी जिले के कुसमी जनपद के ग्राम पंचायत भदौरा में पंचायत भवन के सामने निर्माणाधीन चबूतरे की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों द्वारा वायरल किए गए वीडियो और उठाए गए सवालों पर खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया है। मामले की जांच के लिए अधिकारी मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान सामने आई कमियों को लेकर सहायक यंत्री, जनपद पंचायत कुसमी द्वारा जांच रिपोर्ट मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत कुसमी को भेजी गई है। जांच रिपोर्ट में बताया गया कि चबूतरे के निर्माण में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कंक्रीट का कार्य नहीं किया गया है। मिट्टी के ऊपर टॉप कंक्रीट का कार्य किए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद चबूतरे के ऊपर की सतह हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
रिपोर्ट में संबंधित को निर्देशित किया गया है कि 20एमएम गिट्टी एवं सीसी 1:2:4 के अनुपात में 10 सेंटीमीटर मोटाई की कंक्रीट पूरी चबूतरे की सतह पर कराई जाए। साथ ही निर्माण कार्य को निर्धारित गुणवत्ता एवं मापदंडों के अनुरूप कराने के निर्देश दिए गए हैं।
मामले में भदौरा ग्राम पंचायत के ग्रामीणों का कहना है कि जांच के बाद अब निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराया जाए। ग्रामीणों ने चबूतरे के नीचे मजबूत कंक्रीट बेस तैयार कराने तथा निर्धारित मापदंडों के अनुसार निर्माण कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर पहले ही सवाल उठ चुके हैं, इसलिए आगे होने वाले कार्य की निगरानी भी जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा की जाए।
ग्रामीणों द्वारा बनाए गए वीडियो और मामले को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद जांच होने से अब लोगों को उम्मीद है कि निर्माण कार्य में सामने आई कमियों को दूर कर गुणवत्तापूर्ण तरीके से चबूतरे का निर्माण कराया जाएगा।
What's Your Reaction?