Sidhi,Kusmi: भदौरा पंचायत में हो रहे निर्माण कार्य पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने Video वायरल कर खोली ‘गुणवत्ता’ की पोल!

Oct 5, 2026 - 22:43
 0  5

भदौरा पंचायत में हो रहे निर्माण कार्य पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने Video वायरल कर खोली ‘गुणवत्ता’ की पोल!

कुसमी/सीधी। ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता को लेकर अक्सर सवाल उठते रहे हैं। अब कुसमी जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत भदौरा में पंचायत भवन के सामने कराए जा रहे चबूतरा निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। निर्माण कार्य से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें ग्रामीण निर्माण की गुणवत्ता और कथित तौर पर अपनाई जा रही निर्माण प्रक्रिया पर सवाल उठाते नजर आ रहे हैं।

हालांकि, वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और निर्माण कार्य में वास्तविक अनियमितता है या नहीं, यह तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। लेकिन ग्रामीणों द्वारा उठाए गए सवालों ने पंचायत स्तर पर होने वाले निर्माण कार्यों की निगरानी और पारदर्शिता की व्यवस्था पर जरूर प्रश्न खड़े कर दिए हैं।

नींव की गहराई को लेकर ग्रामीणों ने उठाए सवाल

ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत भवन के सामने बनाए जा रहे चबूतरे की नींव के लिए निर्धारित मानकों के अनुरूप पर्याप्त गहराई तक खुदाई नहीं की गई। उनका कहना है कि नींव तैयार करने के बजाय मिट्टी डालकर आधार तैयार किया जा रहा है।

ग्रामीणों के मुताबिक निर्माण में इसके बाद डस्ट और 10 एमएम गिट्टी का इस्तेमाल किया जा रहा है। उनका सवाल है कि क्या निर्माण में निर्धारित तकनीकी मापदंडों और स्वीकृत प्राक्कलन का पालन किया जा रहा है? यदि गुणवत्ता से समझौता हुआ है तो भविष्य में निर्माण की मजबूती पर इसका असर पड़ सकता है।

क्या ‘कमीशनखोरी’ लिप्त हैं जिम्मेदार

पंचायत में निर्माण कार्यों को लेकर भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी की बू आ रही हैं। कुसमी जनपद पंचायत में विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। शिकायतों और सवालों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारियों कुछ खास कार्यवाही नहीं करते हैं। हालांकि जो भी कार्यवाही होती हैं जिला पंचायत से जरूर हो जाती है।

हालांकि, किसी अधिकारी, कर्मचारी या पंचायत प्रतिनिधि पर भ्रष्टाचार का आरोप केवल वायरल वीडियो या ग्रामीणों के बयान के आधार पर प्रमाणित नहीं माना जा सकता। इन आरोपों की निष्पक्ष तकनीकी जांच, अभिलेखों की जांच और मौके के भौतिक सत्यापन के बाद ही वास्तविक स्थिति सामने आ सकती है।

वायरल वीडियो के बाद जांच का इंतजार

चबूतरा निर्माण से जुड़ा वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में ग्रामीण निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो की वास्तविकता और उसमें लगाए गए आरोपों की पुष्टि संबंधित विभाग द्वारा जांच के बाद ही हो सकेगी।

अब बड़ा सवाल यह है कि क्या जनपद पंचायत कुसमी के अधिकारी मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का तकनीकी परीक्षण कराएंगे? क्या स्वीकृत प्राक्कलन, निर्माण सामग्री, नींव की गहराई, माप पुस्तिका, मस्टर रोल और भुगतान संबंधी दस्तावेजों की जांच होगी? और यदि जांच में अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होगी? मामला जो कुछ भी हो यह जांच का विषय है लेकिन अब देखना यह होगा कि खबर प्रकाशन के बाद जिम्मेदार जांच कार्यवाही करेंगे या नहीं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Ravi Shukla रवि शुक्ला एक अनुभवी ग्राउंड रिपोर्टर हैं, दैनिक अखबारों और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है.रवि शुक्ला की मुख्य विशेषज्ञता हाइपर लोकल क्राइम, क्षेत्रीय राजनीति, प्रशासनिक,शिक्षा, फैसलों और ग्रामीण विषयों (खेती-किसानी) की ग्राउंड जीरो से तथ्यपरक रिपोर्टिंग करने में अच्छा अनुभव है।