मीनाक्षी सिंह के शानदार प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति भवन तक पहुंची एकलव्य विद्यालय टंसार की छात्रा
मीनाक्षी सिंह के शानदार प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति भवन तक पहुंची एकलव्य विद्यालय टंसार की छात्रा
Meenakshi Singh Sidhi: सीधी जिले के छोटे से गांव से निकलकर राष्ट्रीय पटल पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराने वाली एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (EMRS) टंसार की छात्रा मीनाक्षी सिंह के लिए रक्षाबंधन का पर्व इस वर्ष जीवनभर याद रहने वाला बन गया. मीनाक्षी को देश की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मिलने और राष्ट्रपति भवन में उनके साथ रक्षाबंधन मनाने का गौरवपूर्ण अवसर प्राप्त हुआ. 28 अगस्त 2026 को राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में आयोजित विशेष रक्षाबंधन कार्यक्रम में सहभागिता कर मीनाक्षी ने सीधी जिले और मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया.
Sidhi girl meets President: ग्राम बहेराहा, गोपद बनास निवासी श्री छोटे लाल सिंह एवं श्रीमती प्रभावती सिंह की पुत्री मीनाक्षी वर्तमान में कक्षा 9वीं में अध्ययनरत हैं। वर्ष 2023 में कक्षा 6वीं में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय टंसार में प्रवेश लेने के बाद मीनाक्षी ने शिक्षा के साथ साहित्यिक एवं वाचन क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है.मीनाक्षी की शैक्षणिक प्रतिभा भी उल्लेखनीय रही है. कक्षा 8वीं में उन्होंने 600 में से 563 अंक अर्थात 93.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर कक्षा में प्रथम स्थान हासिल किया। पढ़ाई के साथ-साथ साहित्य और वाचन के क्षेत्र में उनकी सक्रियता ने उन्हें विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्राओं में विशिष्ट स्थान दिलाया है.
लगातार दो वर्षों तक राष्ट्रीय स्तर पर चमकाया नाम
मीनाक्षी ने एनईएसटीएस राष्ट्रीय साहित्यिक प्रतियोगिता 2024-25, ओडिशा में काव्य पाठ प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2025-26 में आंध्रप्रदेश में आयोजित एनईएसटीएस राष्ट्रीय साहित्यिक प्रतियोगिता में हिंदी भाषण विधा में द्वितीय स्थान हासिल कर लगातार दूसरे वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया.
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए नामांकन
मीनाक्षी की उपलब्धियों का एक और महत्वपूर्ण पड़ाव है कि उन्हें कला एवं संस्कृति (वाचन/साहित्यिक) श्रेणी में वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (PMRBP) के लिए विद्यालय स्तर से नामांकित किया गया है। उनकी उपलब्धियां इस बात का प्रमाण हैं कि प्रतिभा और मेहनत को अवसर मिले तो ग्रामीण एवं जनजातीय अंचल के बच्चे भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं.
राष्ट्रपति भवन की यात्रा बनी गौरवपूर्ण उपलब्धि
राष्ट्रपति भवन में रक्षाबंधन कार्यक्रम में सहभागिता मीनाक्षी की अब तक की उपलब्धियों में एक विशेष और गौरवपूर्ण अध्याय है। देश की प्रथम नागरिक से मिलने तथा उनके साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाने का अवसर प्राप्त करना न केवल मीनाक्षी के लिए बल्कि उनके परिवार, विद्यालय और पूरे सीधी जिले के लिए गर्व का विषय है. मीनाक्षी सिंह ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और निरंतर मेहनत से यह साबित किया है कि सीधी जैसे जिले के ग्रामीण अंचल की बेटियां भी बड़े सपने देख सकती हैं और उन्हें साकार कर राष्ट्रीय मंच तक पहुंच सकती हैं। उनकी यह उपलब्धि जिले के अन्य विद्यार्थियों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का संदेश है।
What's Your Reaction?