Sidhi News: गिजवार की मदीना बानो बनीं ‘लखपति दीदी’, स्व-सहायता समूह से शुरू किया कारोबार
सीधी जिले के गिजवार की मदीना बानो ने ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़कर जनरल स्टोर और क्रॉकरी दुकान शुरू की। अब वह ‘लखपति दीदी’ बनकर हर महीने 12–15 हजार रुपये कमा रही हैं।
Sidhi News: गिजवार की मदीना बानो बनीं ‘लखपति दीदी’, स्व-सहायता समूह से शुरू किया कारोबार
सीधी। सीधी जिले के मड़वास तहसील अंतर्गत गिजवार की रहने वाली मदीना बानो ने कभी नहीं सोचा था कि एक दिन वह घर की चारदीवारी से बाहर निकलकर अपना कारोबार खड़ा करेंगी और अपने परिवार के साथ-साथ अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बनेंगी। ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ने के बाद उनके जीवन में बदलाव की शुरुआत हुई।
गांव में ग्रामीण आजीविका मिशन की गतिविधियां शुरू होने पर मदीना बानो ने अन्य महिलाओं के साथ मिलकर हबीबी स्व-सहायता समूह का गठन किया। समूह का खाता मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक, गिजवार में खोला गया। समूह को चक्रीय कोष के रूप में 15 हजार रुपये प्राप्त हुए, जिसका उपयोग सदस्यों ने आपसी लेन-देन के लिए किया।
लगभग छह माह बाद समूह की सीसीएल लिमिट 1.50 लाख रुपये स्वीकृत हुई। मदीना बानो ने समूह से 30 हजार रुपये का ऋण लेकर जनरल स्टोर एवं क्रॉकरी की दुकान शुरू की। मेहनत और नियमितता से कारोबार बढ़ने लगा। उन्होंने छह माह में पहला ऋण चुकाकर पुनः 50 हजार रुपये का ऋण लिया और दुकान का विस्तार किया।
मदीना नियमित रूप से स्व-सहायता समूह की बैठकों में भाग लेती रहीं और व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास करती रहीं। आज उनकी दुकान में एक लाख रुपये से अधिक का सामान उपलब्ध है और वह व्यवसाय से प्रतिमाह लगभग 12 से 15 हजार रुपये का लाभ अर्जित कर रही हैं। आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के साथ मदीना बानो अब ‘लखपति दीदी’ की श्रेणी में शामिल हो चुकी हैं। मदीना बानो का कहना है कि ग्रामीण आजीविका मिशन ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर दिया है। विशेष रूप से अल्पसंख्यक समुदाय की महिलाएं भी अब घर से बाहर निकलकर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा रही हैं। आर्थिक स्थिति बेहतर होने से उनके बच्चों को अच्छी शिक्षा मिल रही है और परिवार में सुविधाएं बढ़ी हैं। आज मदीना बानो न केवल अपने परिवार को बेहतर जीवन देने में सफल हुई हैं, बल्कि अपने समुदाय और आसपास की महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता और हौसले की प्रेरणादायी मिसाल बन चुकी हैं।
What's Your Reaction?