कुसमी के टमसार में श्रीकृष्ण की लीलाओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और चित्र प्रदर्शनी ने बांधा समां
सीधी जिले के कुसमी क्षेत्र के टमसार में आयोजित श्रीकृष्ण लीलाओं की आकर्षक प्रस्तुतियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और चित्र प्रदर्शनी ने लोगों का मन मोह लिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक कार्यक्रम में शामिल हुए।
कुसमी के टमसार में श्रीकृष्ण की लीलाओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और चित्र प्रदर्शनी ने बांधा समां
सीधी
पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टमसार में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का जिला स्तरीय समारोह हर्षाेल्लास, श्रद्धा और सांस्कृतिक उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। भगवान श्रीकृष्ण के जीवन आदर्शों, लीलाओं तथा भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं से विद्यार्थियों को जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित समारोह में धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम मुख्य अतिथि तथा कलेक्टर विकास मिश्रा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ।
समारोह में विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं बाल लीलाओं पर आधारित विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। ‘बरसाने की छोरी’ लोक नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया, वहीं कृष्ण लीला नाटक के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का सजीव मंचन किया गया। ‘महारास राधा-कृष्ण लीला’ तथा कृष्ण विषयक सामूहिक नृत्य की प्रस्तुति से विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया। विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई चित्र प्रदर्शनी में श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनकी लीलाओं पर आधारित चित्र प्रदर्शित किए गए, जिनमें विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा दिखाई दी।
मुख्य अतिथि विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ उनकी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में प्रतिभाओं की कमी नहीं है और सीमित संसाधनों के बावजूद यहां के विद्यार्थी शिक्षा एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रपति से मिलने का अवसर प्राप्त करने वाली छात्रा मीनाक्षी सिंह तथा नीट परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले डेवा के छात्र संजय यादव की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र के विद्यार्थियों में आगे बढ़ने की पूरी क्षमता है। आने वाले समय में यहां की प्रतिभाएं नई ऊंचाइयां हासिल करेंगी।
विधायक ने शिक्षा के साथ संस्कार एवं संस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में संसाधनों की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी।
कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों में भारतीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति गौरव की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों एवं विद्यालय द्वारा किए गए आयोजन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह के दौरान विभिन्न प्रस्तुतियों एवं प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम में जनपद सदस्य जमुनी देवी, एसडीएम सागर जैन, सहायक आयुक्त पीके पांडे, कार्यपालन यंत्री जल संसाधन पीके त्रिपाठी, तहसीलदार नारायण सिंह, सीईओ ज्ञानेंद्र मिश्रा, बीआरसीसी अंगिरा द्विवेदी, प्राचार्य रामपाल सिंह, एसडीओ रविन्द्र भालेकर, मंडल संयोजक संजय सिंह, प्राचार्य विनीत शुक्ला सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, विद्यार्थी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?