MP Sidhi School News: कक्षा 9वीं से 12वीं की त्रैमासिक परीक्षाएं 7 सितम्बर से शुरू, समय-सारणी जारी
मध्यप्रदेश में कक्षा 9वीं से 12वीं तक की त्रैमासिक परीक्षाएं 7 सितम्बर 2026 से शुरू होंगी। परीक्षा समय, दिशा-निर्देश और मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर समय-सारणी जारी कर दी गई है।
MP Sidhi School News: कक्षा 9वीं से 12वीं की त्रैमासिक परीक्षाएं 7 सितम्बर से शुरू, समय-सारणी जारी
सीधी। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत कक्षा 9वीं से 12वीं तक की त्रैमासिक परीक्षाएं निर्धारित समय-सारणी के अनुसार 7 सितम्बर 2026 से आयोजित की जाएंगी। कक्षा 9वीं एवं 10वीं की परीक्षाएं 7 से 15 सितम्बर तक प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा कक्षा 11वीं एवं 12वीं की परीक्षाएं 7 से 17 सितम्बर तक दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होंगी।
कक्षा 9वीं के प्रश्नपत्र में कुल अंकों का 50 प्रतिशत भाग ब्रिज कोर्स से लिया जाएगा। कक्षा 9वीं में अंग्रेजी स्टैंडर्ड एवं बेसिक तथा कक्षा 9वीं एवं 10वीं में गणित स्टैंडर्ड एवं बेसिक के लिए एक ही प्रश्नपत्र तैयार किया जाएगा। अन्य विषयों एवं व्यावसायिक विषयों के प्रश्नपत्र माध्यमिक शिक्षा मंडल की अंक योजना तथा शैक्षणिक कैलेंडर में अगस्त 2026 तक निर्धारित पाठ्यक्रम के आधार पर तैयार किए जाएंगे। प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनाए रखने के लिए प्रत्येक पृष्ठ पर संबंधित विद्यालय का डायस कोड/बोर्ड कोड का वाटरमार्क अथवा सील लगाना अनिवार्य किया गया है। परीक्षा संचालन के दौरान गोपनीयता एवं निर्धारित प्रक्रिया का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा समाप्त होने के बाद विद्यार्थियों को अगले दिन की परीक्षा की तैयारी के लिए कक्षा संचालन की व्यवस्था की जाएगी। दोपहर बाद परीक्षा वाले विद्यार्थियों को पूर्वाह्न में आगामी परीक्षा की तैयारी कराई जाएगी। दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
परीक्षा के उपरांत विषय शिक्षकों द्वारा उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। विद्यार्थियों को उनकी गलतियों से अवगत कराने के लिए उत्तरपुस्तिकाओं का अवलोकन कराया जाएगा। इसके बाद प्रश्नवार विश्लेषण कर कठिन बिंदुओं को चिन्हित किया जाएगा और विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकता के अनुसार उपचारात्मक शिक्षण कराया जाएगा। त्रैमासिक परीक्षा का परिणाम 25 सितम्बर 2026 तक पोर्टल के माध्यम से तैयार करना अनिवार्य किया गया है।
What's Your Reaction?