MP : घर के बाहर बैठी 19 वर्षीय युवती को कार से उठा ले गए युवक, CCTV में कैद हुई वारदात,Video वायरल

MP के 19 वर्षीय युवती को कार से ले जाने के मामले में पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज किया। CCTV फुटेज के बाद युवती और युवक का वीडियो सामने आया, जिसमें दोनों ने अपनी मर्जी से जाने और शादी करने की बात कही।

Oct 1, 2026 - 09:27
Oct 1, 2026 - 10:46
 0  105

MP : घर के बाहर बैठी 19 वर्षीय युवती को कार से उठा ले गए युवक, CCTV में कैद हुई वारदात,Video वायरल 

उज्जैन। मंगलवार रात 19 वर्षीय युवती को दो युवकों द्वारा कार में बैठाकर ले जाने का मामला सामने आया। घटना के बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का प्रकरण दर्ज कर युवती और संदिग्ध युवकों की तलाश शुरू की। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। हालांकि, कुछ घंटे बाद युवती और एक युवक का वीडियो परिवार को मिला, जिसमें दोनों ने अपनी मर्जी से साथ जाने और शादी करने की बात कही है। इसके बाद पुलिस अब CCTV फुटेज और वीडियो, दोनों पहलुओं की जांच कर रही है।मामला उज्जैन शहर के लालबाई-फूलबाई इलाके का है।

घर के बाहर खड़ी थी युवती, बिना नंबर की कार से पहुंचे युवक

पुलिस के अनुसार, युवती मंगलवार रात करीब 8 बजे अपने घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान बिना नंबर की काले रंग की कार से दो युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि युवती को कार में बैठाकर दोनों मौके से चले गए। पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई है।

युवती के अचानक गायब होने के बाद परिजन थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी।

जांच में उर्दूपुरा निवासी युवक का नाम सामने आया

टीआई प्रतीक शर्मा के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में उर्दूपुरा निवासी ध्रुव कुमावत का नाम सामने आया है। पुलिस के अनुसार, वारदात के समय उसके साथ एक अन्य युवक भी मौजूद था। ध्रुव का मोबाइल बंद बताया जा रहा है और पुलिस उसकी लोकेशन तथा अन्य तकनीकी जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने युवती और संदिग्ध युवकों की तलाश के लिए टीमें गठित की हैं। एक टीम संभावित स्थानों पर तलाश कर रही है, जबकि दूसरी टीम CCTV फुटेज खंगालकर कार और युवकों की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।

युवती और युवक का वीडियो सामने आने से बदली तस्वीर

घटना के कुछ घंटे बाद युवती ने परिवार को एक वीडियो भेजा। वीडियो में युवती और ध्रुव कुमावत नजर आ रहे हैं। युवक ने दावा किया कि वह युवती से करीब चार साल से बात कर रहा है और दोनों अपनी मर्जी से घर से गए हैं। उसने परिवार से उन पर दबाव नहीं बनाने की अपील की। वीडियो में युवती भी कहती नजर आ रही है कि वह अपनी मर्जी से कार में बैठी थी। दोनों ने खुद को बालिग बताते हुए शादी करने की बात कही और कहा कि वे दो-तीन दिन में स्वयं थाने में पेश होंगे।परिवार को मिले एक अन्य वीडियो में भी युवती ने कथित तौर पर कहा कि उसे ले जाने में किसी तरह की जबरदस्ती नहीं हुई।

CCTV और वीडियो दोनों की जांच कर रही पुलिस

पुलिस के मुताबिक युवक और युवती का वीडियो आया है। वीडियो में दोनों ने खुद के बालिग होने और शादी करने की बात कही है। पुलिस इन वीडियो की भी जांच कर रही है।

फिलहाल मामले में पुलिस के सामने दो अलग-अलग पहलू हैं। एक ओर CCTV फुटेज में युवती को कार में ले जाते हुए युवक दिखाई दे रहे हैं, जबकि दूसरी ओर युवती और युवक के वीडियो में दोनों अपनी मर्जी से साथ जाने की बात कह रहे हैं। पुलिस युवती का पता लगाने के साथ पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए सभी उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है।

युवती के पिता आउटसोर्स कर्मचारी के तौर पर यातायात पुलिस थाने में क्रेन चलाने का काम करते हैं। बेटी के अचानक घर से चले जाने के बाद परिवार की चिंता बढ़ गई है। पुलिस का कहना है कि युवती और संबंधित युवक के मिलने के बाद घटनाक्रम की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow