Sidhi News: लापरवाही पर 6 अधिकारियों-कर्मचारियों के वेतन पर रोक, जिला पंचायत CEO ने की कार्रवाई
Sidhi News: लापरवाही पर 6 अधिकारियों-कर्मचारियों के वेतन पर रोक, जिला पंचायत CEO ने की कार्रवाई
सीधी। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही एवं अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सौम्या आनंद ने जिले के छह अधिकारियों-कर्मचारियों के वेतन आहरण पर आगामी आदेश तक रोक लगाने के आदेश जारी किए हैं।
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पाए जाने पर जनपद पंचायत सिहावल में पदस्थ महेश कहार उपयंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा उपसंभाग सिहावल के वेतन आहरण पर रोक लगाई गई है। आदेश के अनुसार उनके क्षेत्र से संबंधित पूर्व माहों की सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के साथ सितंबर 2026 की 32 शिकायतें लंबित पाई गईं। बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद शिकायतों के निराकरण के प्रयास नहीं किये गये। साथ ही अधिकांश समय फोन रिसीव नहीं करने एवं क्षेत्र की पंचायतों में नहीं जाने की बात भी सामने आई।
इसी प्रकार पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की 16 सितंबर 2026 को हुई समीक्षा बैठक में जनपद पंचायत रामपुर नैकिन एवं सिहावल में सिपरी पोर्टल युक्तधारा पोर्टल तथा सहायक यंत्रियों द्वारा संपादित कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर गौरीशंकर पारधी सहायक यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा जनपद पंचायत रामपुर नैकिन तथा श्रवण कुमार चतुर्वेदी सहायक यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा जनपद पंचायत सिहावल के वेतन आहरण पर रोक लगाई गई है। वहीं जनपद पंचायत कुसमी एवं रामपुर नैकिन में निष्क्रिय ग्राम पंचायतों तथा शून्य लेबर वाली ग्राम पंचायतों की संख्या अधिक पाए जाने और श्रमिक नियोजन में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर जागेश्वर झारिया प्रभारी अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी जनपद पंचायत कुसमी तथा संतोष मिश्रा प्रभारी अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी जनपद पंचायत रामपुर नैकिन के वेतन आहरण पर भी आगामी आदेश तक रोक लगाई गई है। जिला पंचायत सीईओ ने संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों के निर्वहन में गंभीरता बरतने तथा शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
What's Your Reaction?