विधायक ने आजीविका राखी मेले का किया शुभारंभ,रक्षाबंधन पर लगेगा भव्य मेला
सीधी ।
मानस भवन सीधी में रविवार को मध्य प्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन सीधी द्वारा आयोजित आजीविका राखी मेला का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सीधी विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती रीति पाठक ने कहा कि आत्मनिर्भरता को मजबूत करने के लिए हम सभी को एक-एक स्थानीय उत्पाद को अपनाना होगा। स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन और बाजार मिलने से ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भरता की कल्पना को साकार करने में आजीविका मिशन महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष श्री देव कुमार सिंह ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए सरकार हरसंभव मदद करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और उनकी पहचान स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं जिला पंचायत सीधी की अध्यक्ष श्रीमती मंजू रामजी सिंह ने कहा कि यह केवल राखी मेला नहीं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के हुनर और मेहनत को प्रदर्शित करने का मंच है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा और महिलाओं को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध होगा।
महुआ लड्डू एवं महुआ कुकीज का स्टॉल रहा आकर्षण का केंद्र
मेले में कई स्थानिक उत्पादन के स्तर लगाए गए थे जिसमें से महिमा उत्पादक समूह, गजरी द्वारा लगाए गए महुआ लड्डू एवं महुआ कुकीज के स्टॉल ने विशेष आकर्षण बटोरा। अतिथियों ने स्टॉल का निरीक्षण कर उत्पादों की जानकारी ली और महिला समूह द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
इस दौरान विधायक श्रीमती रीति पाठक ने महिमा उत्पादक समूह की अध्यक्ष मंजू सिंह एवं सचिव कलावती से कहा कि यदि इसी तरह स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग, बिक्री और पहचान बढ़ाई जाए तो ये उत्पाद बाजार में बड़ी-बड़ी कंपनियों के उत्पादों को भी कड़ी टक्कर दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि महुआ लड्डू एवं महुआ कुकीज स्वास्थ्य और पौष्टिकता से भरपूर स्थानीय उत्पाद हैं। इनका अधिक से अधिक उपयोग करने से जहां लोगों को पौष्टिक खाद्य पदार्थ उपलब्ध होंगे, वहीं महुआ से जुड़े ग्रामीण परिवारों और महिला समूहों की आय बढ़ेगी तथा महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
What's Your Reaction?