कुसमी पुलिस पर मारपीट का आरोप, युवक ने लगाई न्याय की गुहार
कुसमी पुलिस पर मारपीट का आरोप, युवक ने लगाई न्याय की गुहार
सीधी। कुसमी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रौहाल के कोटमा निवासी राजकुमार बंसल पिता चूड़ामणि बंसल ने कुसमी पुलिस पर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। राजकुमार के अनुसार पति-पत्नी के विवाद के बाद उसकी पत्नी ने कुसमी थाने में शिकायत की थी।
राजकुमार का आरोप है कि शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे पुलिसकर्मी उसे चौराहे से पकड़कर थाने ले गए। इसके बाद थाना परिसर के पीछे स्थित कमरे में ले जाकर उसे लिटाया गया और पकड़कर पैरों के तलवों पर पाइप से करीब 25 बार डंडे मारे गए। आरोप है कि इसके बाद उसे थाने से छोड़ दिया गया।
राजकुमार के मुताबिक उसका बेटा रावेन्द्र बंसल मोटरसाइकिल से उसे घर लेकर गया, लेकिन घर पहुंचने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ती गई। शनिवार करीब 11 बजे परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। घटना के बाद परिवार के लोग परेशान हैं। राजकुमार ने मामले में सीधी पुलिस अधीक्षक से जांच कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।
थाना प्रभारी ने आरोपो को बताया निराधार:
मामले को लेकर कुसमी थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी से जानकारी ली गई। उन्होंने बताया कि राजकुमार बंसल से उनकी बातचीत हुई थी और उस समय राजकुमार की तबीयत थाने में बिल्कुल ठीक थी।
मामला जो कुछ भी हो फिलहाल राजकुमार द्वारा लगाए गए आरोपों और थाना प्रभारी के बयान के बाद मामले की निष्पक्ष जांच से ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
What's Your Reaction?