सीधी जिले में विद्यार्थियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं, जिले में 22 नए शाला भवनों का होगा निर्माण,यहां देखें स्कूलों की लिस्ट
Sidhi News: सीधी जिले में 22 नए शाला भवनों के निर्माण को मंजूरी। कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देश पर निर्माण कार्य शुरू, छात्रों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं।
सीधी जिले में विद्यार्थियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं, जिले में 22 नए शाला भवनों का होगा निर्माण,यहां देखें स्कूलों की लिस्ट
सीधी।जिले में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में 22 नवीन शाला भवनों का निर्माण किया जाएगा। राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा राज्य मद से जिले की 24 प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं के नवीन भवनों की स्वीकृति दी गई थी। इनमें दो शालाओं में पूर्व से अन्य मद से निर्माण अथवा रिपेयरिंग का कार्य हो जाने के कारण नवीन भवन की आवश्यकता नहीं है।
कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देश पर अब 20 स्वीकृत शाला भवनों के निर्माण के लिए संबंधित ग्राम पंचायतों के खातों में प्रथम किस्त के रूप में 25 प्रतिशत राशि जारी की जा रही है। शेष दो शाला भवनों के लिए संबंधित ग्राम पंचायतों द्वारा बैंक खाता विवरण उपलब्ध कराने के बाद राशि जारी की जाएगी।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत शाला भवनों का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के साथ निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भवन निर्माण में निर्धारित मापदंडों और तकनीकी गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
विकासखंड सीधी में उकरहा, सलैया, बघमरिया, शिवपुरवा नंबर-2 एवं सलैहा की शालाओं के भवनों का निर्माण किया जाएगा। रामपुर नैकिन विकासखंड में बेलदह, चुरहट, मौरा एवं बागढखास की शालाएं शामिल हैं। वहीं मझौली विकासखंड में सिरौला, सिकरा, टिकरी, दरिया, नौढ़िया एवं चौहानन टोला की विभिन्न प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं के नवीन भवन बनाए जाएंगे।
इनमें प्राथमिक शाला पुतरिहा, माध्यमिक शाला बलियार, माध्यमिक शाला बघमरिया, प्राथमिक शाला बघमरिया, प्राथमिक शाला बेलहाई, प्राथमिक शाला रक्सा टोला, प्राथमिक शाला करनपुर कलारन, माध्यमिक शाला रामनगर, माध्यमिक शाला गमरोहर, प्राथमिक शाला गरियरा टोला, प्राथमिक शाला रैदुअरिया खुर्द, प्राथमिक शाला सिरौला, प्राथमिक शाला आदर्श सिकरा, प्राथमिक शाला कन्या टिकरी, प्राथमिक शाला लोडावर, माध्यमिक शाला घोघी, प्राथमिक शाला बैगान टोला, प्राथमिक शाला मसुरिहा एवं प्राथमिक शाला गोडान टोला अकौना शामिल हैं।
इसके अलावा ग्राम पंचायत बड़खरा 740 की शासकीय प्राथमिक शाला बड़खरा 740 एवं शासकीय प्राथमिक शाला बड़खरा 735 के लिए संबंधित ग्राम पंचायत द्वारा खाता विवरण प्रस्तुत किए जाने के बाद राशि जारी की जाएगी। कलेक्टर ने निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा कार्य में अनावश्यक विलंब नहीं होने देने के निर्देश दिए हैं। नए भवनों का निर्माण पूरा होने से इन शालाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
What's Your Reaction?