किसान के बेटे ने रचा इतिहास, सीधी के नितिन पटेल ने MPPSC असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा में हासिल की 10वीं रैंक
सीधी जिले के नितिन कुमार पटेल ने MPPSC असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा 2024 में समाजशास्त्र विषय से 10वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने बड़ी सफलता प्राप्त की।
किसान के बेटे ने रचा इतिहास, सीधी के नितिन पटेल ने MPPSC असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा में हासिल की 10वीं रैंक
सीधी। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) 2024 का हाल ही में घोषित परिणामों में सीधी जिले के एक किसान परिवार के बेटे ने शानदार सफलता हासिल कर इतिहास रच दिया है। ग्राम पचोखर, तहसील चुरहट निवासी नितिन कुमार पटेल ने समाजशास्त्र से MPPSC असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा में प्रदेशभर में 10वीं रैंक प्राप्त कर जिले और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। नितिन एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता उदयभान पटेल खेती-किसानी करते हैं, जबकि माता देववती पटेल गृहिणी हैं। परिवार में दो भाई और एक बहन हैं। नितिन सबसे छोटे हैं, जबकि बड़े भाई पवन पटेल प्राइवेट नौकरी करते हैं।
बड़े भाई का रहा अहम योगदान
नितिन की इस सफलता के पीछे उनके बड़े भाई पवन पटेल का अहम योगदान रहा है। सीमित संसाधनों के बावजूद पवन पटेल ने अपने छोटे भाई की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाया और हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया। प्रारंभिक शिक्षा के बाद बेहतर पढ़ाई के लिए नितिन को भोपाल भेजा गया, जहां उन्होंने लगन और मेहनत से अपनी तैयारी जारी रखी। बाद में दोनों भाई इंदौर में रहकर भी संघर्ष करते रहे, जहां पवन नौकरी करते रहे और नितिन पूरी मेहनत से पढ़ाई में जुटे रहे।
कठिन आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद नितिन ने कभी हार नहीं मानी। कई बार पढ़ाई के खर्च को लेकर मन में चिंता आई, लेकिन बड़े भाई के प्रोत्साहन और परिवार के सहयोग ने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने MPPSC की परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
अपनी सफलता का श्रेय नितिन ने माता-पिता, बड़े भाई पवन पटेल, भाभी, बहन, मित्रों एवं शुभचिंतकों को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार का विश्वास और सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी ताकत रहा है।
नितिन की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिजन, मित्र और ग्रामीण लगातार उन्हें बधाई दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि नितिन की सफलता ग्रामीण पृष्ठभूमि के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े लक्ष्य हासिल करने का सपना देखते हैं।
What's Your Reaction?