कुसमी में रेत उत्खनन के दौरान बड़ा हादसा: पोंडी बजवई घाट में पलटी पोकलेन मशीन, चालक लापता,Video वायरल

Nov 8, 2026 - 23:08
Nov 8, 2026 - 23:22
 0  196

कुसमी में रेत उत्खनन के दौरान बड़ा हादसा: पोंडी बजवई घाट में पलटी पोकलेन मशीन, चालक लापता,Video वायरल

कुसमी। सीधी जिले के कुसमी क्षेत्र से रेत उत्खनन को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। रामपुर पंचायत के पोंडी (बजवई) घाट में कथित तौर पर नियमों के विपरीत पोकलेन मशीन से रेत उत्खनन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार गहरे घाट में उत्खनन कर रही पोकलेन मशीन अचानक पलट गई। हादसे के बाद मशीन चालक के लापता होने की सूचना है। लापता व्यक्ति की पहचान अंबेडकर प्रजापति, निवासी झोंको (बहरी )के रूप में बताई जा रही है। हालांकि, हादसे की परिस्थितियों और चालक की स्थिति को लेकर पुलिस जांच कर रही है।इस घटना से रेत ठेकेदार पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। 

 मजदूरों से रेत लोड कराने के नियम के बीच मशीनों से उत्खनन के आरोप

स्थानीय स्तर से मिली जानकारी के अनुसार पोंडी बजवई घाट में रेत निकालने के लिए पोकलेन मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा था। आरोप है कि निर्धारित नियमों की अनदेखी करते हुए मशीनों से रेत उत्खनन किया जा रहा था, जबकि रेत को वाहनों में लोड करने के लिए मजदूरों का उपयोग किया जाना चाहिए। इसी दौरान गहरे घाट में पोकलेन मशीन पलटने की घटना सामने आई।

रात के अंधेरे में मशीन निकालने का वीडियो वायरल

घटना के बाद वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहे है। बताया जा रहा है कि वीडियो में रात के अंधेरे में करीब तीन पोकलेन मशीनें दिखाई दे रही हैं। तीन मशीनों से पलटी हुई पोकलेन मशीन को बाहर निकालने के प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय लोगों द्वारा वीडियो साझा कर मशीन पलटने की जानकारी दी जा रही है। हालांकि, वीडियो की प्रामाणिकता और उसमें दिखाई दे रही घटना की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गई है। स्थानीय स्तर पर हादसा शाम करीब 4 बजे का बताया जा रहा है। यह भी जानकारी सामने आई है कि घटना में एक व्यक्ति को चोट आई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

 मौके पर पहुंची पुलिस, चालक की तलाश और जांच जारी

स्थानीय लोगों के मुताबिक घटना की सूचना मिलने के बाद कुसमी पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। मिली जानकारी के अनुसार अंबेडकर प्रजापति निवासी झोंको के लापता होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

  आखिर किसकी निगरानी में चल रहा था उत्खनन?

इस पूरे मामले ने रेत खदानों की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय स्तर पर आरोप लगाए जा रहे हैं कि मशीनों से रेत उत्खनन का काम किया जा रहा था। ऐसे में सवाल उठता है कि यदि घाट पर नियमों के विपरीत मशीनों का उपयोग हो रहा था, तो खनिज विभाग और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई? क्या खदान का नियमित निरीक्षण किया जा रहा था? क्या मशीनों से उत्खनन की अनुमति थी? 

फिलहाल पोंडी बजवई घाट की यह घटना केवल एक हादसे तक सीमित नहीं है, बल्कि रेत उत्खनन की निगरानी और नियमों के पालन को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर रही है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और लापता चालक के संबंध में क्या जानकारी सामने आती है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Ravi Shukla रवि शुक्ला एक अनुभवी ग्राउंड रिपोर्टर हैं, दैनिक अखबारों और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है.रवि शुक्ला की मुख्य विशेषज्ञता हाइपर लोकल क्राइम, क्षेत्रीय राजनीति, प्रशासनिक,शिक्षा, फैसलों और ग्रामीण विषयों (खेती-किसानी) की ग्राउंड जीरो से तथ्यपरक रिपोर्टिंग करने में अच्छा अनुभव है।