कुसमी: नियम विरुद्ध तरीके से मशीन से रेत उत्खनन करते समय पलटी थी JCB , 17 घंटे बाद मिला चालक का शव,आरक्षक के ट्रांसफर पर भी उठे सवाल
सीधी के पोंडी-बजवई रेत घाट में उत्खनन के दौरान मशीन पलटने से चालक की मौत हो गई । 17 घंटे बाद शव मिला। आरक्षक के ट्रांसफर के बाद भी रिलीव नहीं होने पर भी सवाल उठ रहे हैं।
कुसमी: नियम विरुद्ध तरीके से मशीन से रेत उत्खनन करते समय पलटी थी JCB , 17 घंटे बाद मिला चालक का शव,आरक्षक के ट्रांसफर पर भी उठे सवाल
सीधी/कुसमी।कुसमी थाना क्षेत्र के रामपुर पंचायत के पोंडी (बजवई) रेत घाट में अवैध रूप से मशीनों से रेत उत्खनन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। रेत भरते समय पोकलेन मशीन पलटने से चालक अंबेडकर प्रजापति निवासी झोंको (बहरी) लापता हो गया था। करीब 17 घंटे की तलाश के बाद सोमवार सुबह 9 बजे उसका शव बरामद किया गया। घटना के बाद खदान परिसर में ग्रामीणों और परिजनों ने जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 4 बजे पोंडी (बजवई) खदान में पोकलेन मशीन से रेत उत्खनन किया जा रहा था। इसी दौरान मशीन पलट गई और चालक उसके नीचे दबकर लापता हो गया। रात में कई जेसीबी मशीनों की मदद से पोकलेन को बाहर निकाला गया, लेकिन चालक का पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह तलाश के दौरान उसका शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने खदान में विरोध प्रदर्शन किया। काफी समझाइश के बाद परिजन शांत हुए। लेकिन अभी तक ठेकेदार पर कोई कार्यवाही नहीं हुई है,ऐसा लगता है कि जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत के चलते कोई कार्यवाही नहीं हो रही हैं।
ठेकेदार पर अवैध उत्खनन का आरोप
बताया जा रहा है कि उक्त रेत खदान का टेंडर शक्ति इंटरप्राइजेज को मिला है। आरोप है कि कंपनी के ठेकेदार द्वारा नियमों की अनदेखी करते हुए मशीनों से रेत का उत्खनन कराया जा रहा था। सूत्रों के मुताबिक हादसे के बाद ठेकेदार की ओर से मृतक के परिजनों को छह लाख रुपये की सहायता राशि दी गई है तथा शेष 14 लाख रुपये बाद में देने की बात कही गई है। हालांकि इस राशि और भुगतान की शर्तों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
आरक्षक के ट्रांसफर के बाद भी रिलीव नहीं होने पर सवाल
मामले में आरक्षक दिनकर दुबे की भूमिका को लेकर भी स्थानीय स्तर पर सवाल उठाए जा रहे हैं। सूत्रों का आरोप है कि आरक्षक की खदान ठेकेदार से नजदीकी है और अवैध रेत उत्खनन में मिलीभगत की आशंका है। बताया गया कि उनका स्थानांतरण 16 जून 2026 को सिहावल चौकी के लिए हो चुका है, लेकिन चार महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी उन्हें रिलीव नहीं किया गया। आखिर रिलीव क्यों नहीं किया जा रहा है यह एक बड़ा सवाल खड़ा हो रहा है।
थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी ने दूरभाष पर घटना की जानकारी देते हुए बताया कि हादसा रविवार शाम करीब 4 बजे हुई थी और सोमवार सुबह 10 बजे चालक का शव बरामद किया गया। मर्ग कायम कर जांच की जा रही है,उन्होंने बताया कंपनी द्वारा सेटलमेंट किया गया है, आरक्षक के स्थानांतरण के संबंध में उन्होंने स्वीकार किया कि अभी उन्हें रिलीव नहीं किया गया है। वहीं पुलिस के साथ अभद्रता की घटना से उन्होंने इनकार किया। हादसे ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि खदान में नियमों के विरुद्ध मशीनों से उत्खनन हो रहा था तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है? स्थानांतरण के चार महीने बाद भी आरक्षक को रिलीव क्यों नहीं किया गया? क्या खदान में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे?
What's Your Reaction?