सीधी में 16 अक्टूबर को युवा संगम रोजगार मेला, युवाओं को एक छत के नीचे मिलेगा नौकरी का अवसर
सीधी में 16 अक्टूबर 2026 को युवा संगम रोजगार मेले का आयोजन होगा। शासकीय कन्या महाविद्यालय में सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक रोजगार, स्वरोजगार और अप्रेंटिसशिप के अवसर मिलेंगे।
सीधी में 16 अक्टूबर को युवा संगम रोजगार मेला, युवाओं को एक छत के नीचे मिलेगा नौकरी का अवसर
सीधी
शासन की मंशानुसार 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 16 अक्टूबर 2026 को एक दिवसीय युवा संगम संयुक्त रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि कलेक्टर विकास मिश्रा के आदेशानुसार जिला रोजगार कार्यालय, शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) तथा जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र सीधी के संयुक्त तत्वावधान में यह मेला शासकीय कन्या महाविद्यालय, सीधी परिसर में आयोजित होगा। मेले का समय प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। मेले में देश, प्रदेश एवं स्थानीय स्तर की निजी क्षेत्र की कंपनियां शामिल होंगी। इसके साथ ही स्वरोजगार से संबंधित विभिन्न शासकीय विभागों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
इस आयोजन का उद्देश्य जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार के अवसरों से जोड़ना तथा उन्हें स्वरोजगार के लिए उपलब्ध योजनाओं एवं संभावनाओं से परिचित कराना है। मेले के माध्यम से युवाओं को विभिन्न कंपनियों एवं संबंधित विभागों से सीधे संपर्क करने का अवसर मिलेगा। जिले के इच्छुक बेरोजगार युवक-युवतियों से अपील की गई है कि वे 16 अक्टूबर को शासकीय कन्या महाविद्यालय, सीधी परिसर में आयोजित युवा संगम मेले में शामिल होकर रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप से संबंधित अवसरों का लाभ उठाएं।
What's Your Reaction?